विधानसभा चुनाव 2022: आगरा की नौ विधानसभा में 37,640 युवा मतदाता पहली बार डालेंगे वोट
एत्मादपुर विधानसभा में सबसे ज्यादा युवा मतदाता हैं। फतेहाबाद, बाह, आगरा छावनी में नए वोटर चार हजार से ऊपर हैं, जबकि आगरा उत्तर, आगरा ग्रामीण और खेरागढ़ में नए वोटरों की संख्या तीन हजार से ऊपर है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनावी समर में इस बार आगरा जिले की नौ विधानसभा सीटों पर चुने जाने वाले प्रत्याशियों की किस्मत की चाबी 37, 640 युवा मतदाताओं के हाथों में है। यह सभी मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। यह सभी मतदाता 18 से 19 साल की उम्र के हैं। इस बार सबसे ज्यादा 18 से 19 साल के 6261 वोटर एत्मादपुर में हैं। जबकि सबसे कम युवा वोटर 2940 आगरा दक्षिण में हैं।
एत्मादपुर, आगरा छावनी, आगरा दक्षिण, आगरा ग्रामीण, आगरा उत्तर, फतेहपुरसीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह के 18 से 19 साल के युवा मतदाता 10 फरवरी को पहली बार अपने वोट की चोट करेंगे। फतेहाबाद, बाह, आगरा छावनी में नए वोटर चार हजार से ऊपर हैं, जबकि आगरा उत्तर, आगरा ग्रामीण और खेरागढ़ में नए वोटरों की संख्या तीन हजार से ऊपर है।
नए वोटरों में भी वोट देने को लेकर काफी जोश दिख रहा है। उन्हें लगता है कि वह भी अब प्रदेश के एक जिम्मेदार नागरिक की श्रेणी में आ चुके हैं। इसलिए वह अपने मताधिकार का उपयोग जरूर करेंगे।
'गर्व महसूस कर रहा हूं'
अलका कुंज के हिमांशु मुदरानी ने कहा कि मालूम है कि मुझे किस राजनीतिक पार्टी के प्रत्याशी को वोट देना है। पहली बार वोट दे रहा हूं। इसलिए यूपी विधानसभा चुनावों में मतदाता बनने पर गर्व महसूस कर रहा हूं।
'वोट की कीमत जानता हूं'
तेज नगर के साहिल ने कहा कि मेरे वोट की काफी कीमत है। मताधिकार का प्रयोग करने को बेताब हूं। 10 फरवरी को वोट डालने जरूर जाऊंगा। पहली बार चुनाव में वोट डालने का अलग अनुभव मिलेगा।
'काफी उत्सुक हूं मैं'
प्रेमानंद कुंज की रहने वाली तमन्ना ने कहा कि पहली बार वोट देने को लेकर काफी उत्सुक हूं। यूपी विधानसभा चुनावों में वोट की चोट करने का मुझे बेसब्री से इंतजार है। मुझे मालूम है कि किस दल को वोट देना है।
इतने वोटरों को मिला पहली बार मताधिकार का हक
एत्मादपुर: 6261
फतेहपुरसीकरी: 5051
बाह: 4383
फतेहाबाद: 4342
आगरा छावनी: 4316
आगरा उत्तरी: 3860
खेरागढ़: 3739
आगरा ग्रामीण: 3738
आगरा दक्षिण: 2940