आगरा: मोबाइल लूटने के बाद लुटेरा बोला- दीदी...सुनो फोन नहीं मिलेगा, तुम्हें नया ही खरीदना पड़ेगा
शाहदरा में बाइक सवारों ने युवक से मोबाइल लूट लिया था। पीड़ित की बहन ने जब भाई के नंबर पर कॉल किया लुटेरा बेखौफ होकर पासवर्ड मांगने लगा। मोबाइल देने से साफ इंकार कर दिया।
विस्तार
आगरा में लुटेरे ने एक युवक का मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद पीड़ित की बहन ने जब कॉल किया तो लुटेरे ने कहा कि दीदी सुनो तुम्हें फोन तो नया ही लेना पड़ेगा। पैसों की बात मत करना। पासवर्ड बता देंगी तो फोटो और डाक्यूमेंट्स व्हाट्स एप कर दूंगा...। शुक्रवार को लुटेरे से बातचीत का आडियो क्लिप वायरल हो गया।
थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के शाहदरा स्थित श्रीनगर कालोनी निवासी सूरज एक फैक्टरी में काम करता है। वह बृहस्पतिवार शाम को साइकिल से घर लौट रहा था। सर्विस रोड पर बाइक सवार युवकों ने उसका मोबाइल लूट लिया। शुक्रवार की सुबह परिजनों ने मोबाइल पर कॉल किया। इस पर घंटी चली गई। मगर, रिसीव नहीं किया गया।
पीड़ित की बहन ने किया कॉल
इस पर सूरज की बहन ने अपने नंबर से कॉल किया। कॉल रिसीव हो गई। सूरज की बहन ने कहा कि भाई रो रहा है। खाना भी नहीं खा रहा। पैसे ले लो मोबाइल लौटा दो। इस पर लुटेरे ने मोबाइल देने से मना कर दिया। युवती ने उससे विनती की, लेकिन लुटेरा नहीं माना। उसने कहा कि यह फोन उसके दोस्त को चाहिए।
आखिर में कहा कि वह पासवर्ड बता देंगी तो मोबाइल में फोटो और दस्तावेज व्हाट्स एप कर देगा। उधर, पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज की है। थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी। लुटेरों की तलाश की जा रही है।
लुटेरे और युवती से बातचीत के अंश
युवती ने कहा कि क्या भइया मैंने कुछ गलत कह दिया क्या। इस पर लुटेरा कहता है कि मोबाइल के बारे में न कहो प्लीज। युवती कहती है कि मैं अपने भाई से प्यार करती हूं। इसलिए कह रही हूं। न आपको पता चले न उसको पता चले। बात कर लो।
लुटेरा कहता है कि देखो सुनो दीदी तुम्हें फोन तो नया ही लेना पड़ेगा। इस पर युवती कहती है कि अगर, इतने ही सक्षम होते तो हम खरीद लेते। आपको इतना फोर्स नहीं करते। इस पर लुटेरा पूछता है कि यहां कहां पर रहते हो। इस पर युवती कहती है कि वह श्रीनगर कालोनी में रहती हैं।