दुस्साहस: आगरा में खनन माफिया ने टोल का बैरियर तोड़ कर 50 सेकेंड में निकाले 13 ट्रैक्टर, देखें वीडियो
आगरा के सैंया टोल पर अवैध खनन लदे ट्रैक्टर से टक्कर मार कर पहले टोल का बैरियर तोड़ा। फिर एक-एक कर 13 ट्रैक्टर निकाल ले गए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
विस्तार
आगरा में खनन माफिया का दुस्साहस देखिए। सैंया टोल पर अवैध खनन लदे ट्रैक्टर से टक्कर मार कर पहले टोल का बैरियर तोड़ा। फिर एक-एक कर 13 ट्रैक्टर निकाल ले गए। पूरी घटना टोल के सीसीटीवी में कैद हो गई। खनन माफिया के इस दुस्साहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसे लेकर पुलिस व प्रशासन में खलबली मची है।
ग्वालियर और मुरैना से बड़े पैमाने पर सैंया होकर बालू के अवैध खनन का खेल चल रहा है। पुलिस, प्रशासन की लचर कार्यशैली से खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। रविवार सुबह 4.55 बजे का हैरतअंगेज वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में 50 सेकेंड में अवैध खनन लदे 13 ट्रैक्टर टोल का बैरियर तोड़कर भाग निकले। टोल कर्मियों ने डंडे बरसाए, लेकिन चालकों ने ट्रैक्टर नहीं रोके।
रविवार को कंट्रोल रूम बंद था
दिलचस्प बात ये है कि कलेक्ट्रेट में टोल की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के लिए बना कंट्रोल रूम भी रविवार को बंद था। पिछले एक सप्ताह से खनन माफिया की गतिविधियां फिर बढ़ गई हैं। बड़े पैमाने पर बिना नंबर के ट्रैक्टर, ट्रक व डंपर से अवैध खनन हो रहा है। पुलिस-प्रशासन भी खनन माफिया की रोकथाम में फेल है। पिछले दिनों 150 से अधिक अवैध खनन करते वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की रस्म अदायगी की गई थी, लेकिन अवैध खनन पर रोक नहीं लग सकी।