रफ्तार का कहर: मैक्स पिकअप बाइक सवार को बचाने में पलटी, हादसे में दो की मौत, तीन की हालत गंभीर
मैक्स पिकअप थाना क्षेत्र के फफोतू के समीप ईशन नदी के पुल पर पहुंची थी। तभी आगे जा रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।
विस्तार
एटा के थाना रिजोर क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार की देर रात लगभग 9 बजे रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां एक तेज रफ्तार मैक्स पिकअप बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई, जिससे बाइक सवार सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना रिजोर इंस्पेक्टर रूपचंद ने बताया कि मैक्स पिकअप एटा से शिकोहाबाद की तरफ जा रही थी। इसमें कुछ सवारियां बैठी हुई थी। जैसे ही मैक्स पिकअप थाना क्षेत्र के फफोतू के समीप ईशन नदी के पुल पर पहुंची। तभी आगे जा रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में फफोतू निवासी अवनीश उर्फ मुल्ला(30) और नगला बिके निवासी सर्वेश कुमार(57) गंभीर रूप से घायल हो गए। इनके अलावा मोनू, सोना और पूनम भी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत ही एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने अवनीश और सर्वेश को मृत घोषित कर दिया। वही पूनम, सोना और मोनू को हायर सेंटर आगरा रेफर किया गया है।
भतीजा व भतीजी को आगरा से लेकर लौट रही थी पूनम
घायल पूनम ने बताया कि वह अपने जेठ के बच्चों मोनू और सोना को लेकर गांव फफोतू जा रही थी। वह आगरा से इन बच्चों को लेकर एटा पहुंची था। यहां से देरी होने की वजह से मैक्स पिकअप में बैठ गई। इस मैक्स पिकअप में अवनीश और हमीद भी बैठे हुए थे। पूनम ने बताया कि चालक मैक्स पिकअप को बहुत तेज चला रहा था। जैसे ही मैक्स पिकअप ईशन नदी पुल के पास पहुंची। तभी चालक ने आगे जा रही बाइक को ओवरटेक करना चाहा, लेकिन सामने ईटों से भरा हुआ ट्रैक्टर खड़ा था। जिसके चलते मैक्स पिकअप अनियंत्रित होकर की खाई में जा गिरी।