मथुरा में पकड़े गए दो बांग्लादेशी नागरिक, अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आए थे दोनों
मथुरा के कोसीकलां में पुलिस ने रविवार रात ईदगाह के पास एक झोपड़ी से दो संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। एलआईयू को उनसे पूछताछ में पता चला है कि वो दोनों अवैध रूप से भारत की सीमा में दाखिल हुए थे।
दोनों पहचान संबंधी दस्तावेज भी नहीं दिखा पाए। पुलिस ने उनके पास से 600 रुपये की नकदी, एक मोबाइल, एक पैनकार्ड और घड़ी बरामद की है। पुलिस ने इनके खिलाफ विदेशी अधिनियम व पासपोर्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
इस संबंध में एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि एलआईयू इंस्पेक्टर केपी कौशिक, आजादपाल सिंह, एसआई महेन्द्र सिंह ने पुलिस के साथ रविवार की रात में चेकिंग के दौरान कोसीकलां में ईदगाह के समीप दो युवकों को पकड़ा था।
नहीं दिखा सके पहचान संबंध दस्तावेज
उन लोगों से जब पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए। पूछताछ में पता चला कि वो बांग्लादेशी नागरिक हैं और अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे। वो पिछले 15 दिनों से कोसीकलां में रह रहे थे। उनके पास से एक मोबाइल, छह सौ रुपये की नकदी, पैनकार्ड एवं एक घड़ी बरामद की है।
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम दिलीप मंडल पुत्र गणेश मंडल निवासी लोधिपुर हेबलता जिला शकीरा बांग्लादेश और तूहीन शेख पुत्र फारुख शेख निवासी सिद्धा पाशा ओभाई नगर जस्सर बांग्लादेश बताया।
पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों ने बताया कि वो कूड़ा बीनने का काम करते हैं। जो आमदनी होती है, उसी से अपनी आजीविका चला रहे हैं। अलग-अलग शहरों में कूड़ा, प्लास्टिक बीनने का काम करते है, जिससे वह पुलिस की पकड़ में न आ सके।