मथुरा: 1.05 करोड़ लूटने के बाद दो घंटे सड़कों पर घूमे थे लुटेरे, सात दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ
मथुरा में 1.05 करोड़ रुपये लूटने वाले लुटेरे सात दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। अब तक की जांच में यह सामने आई है कि अगर पुलिस वारदात के बाद सजग हुई होती तो लुटेरे उसी दिन पकड़ लिए जाते।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा में 1.05 करोड़ रुपये लूटने के बाद लुटेरे दो घंटे दो मिनट तक बेखौफ होकर सड़कों पर घूमते रहे। नौहझील में दोपहर 12:35 बजे के सीसीटीवी फुटेज में लुटेरे दिखे। वारदात के जबकि 28 मिनट बाद लूट का मैसेज फ्लैश किया गया। पुलिस की ढिलाई लुटेरों की मददगार बनी। अगर पुलिस सतर्क होती तो अब तक लुटेरे गिरफ्त में होते।
16 अगस्त की सुबह 10:33 बजे बुलियन कारोबारी अंकित बंसल से चौकी बाग बहादुर से 50 मीटर दूर 1.05 करोड़ रुपये लूट लिए गए थे। लूट की वारदात के बाद 28 मिनट बाद मैसेज फ्लैश किया गया। इसके डेढ़ घंटे बाद भी पुलिस सतर्क और सजग नहीं हुई थी। लुटेरे वारदात के बाद करीब दो घंटे तक सड़कों पर घूमते रहे।
कई जगह लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार लुटेरों की तस्वीरें कैद हुई हैं। इससे थाना मांट पुलिस, कोतवाली सुरीर और नौहझील पुलिस की लापरवाही साफ उजागर हो रही है। अब सवाल खड़ा होता है कि पुलिस की इतना बड़ी लापरवाही को पुलिस के आला अफसरों क्यों दबाए हुए हैं। ऐसी लापरवाही पर कार्रवाई भी न होना, पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है।
लुटेरों ने बाजना में बनाया था डेरा
पुलिस का बाजना में लगातार डेरा यह उजागर करता है कि लुटेरों ने लूट से पहले और उसके बाद यहां शरण ली है। हालांकि पुलिस को लुटेरों की सुरागरसी तो लग गई, पर अभी तक लुटेरे और लूट की धनराशि पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।
पुलिस बाजना तक पहुंची तो उससे पहले लुटेरे अपने सुरक्षित स्थान की तरफ भाग खड़े हुए। पुलिस सूत्रों के अनुसार लुटेरे बुलंदशहर-जेवर या आसपास के जिलों के हो सकते हैं। पुलिस लुटेरों की सही लोकेशन लेकर उन्हें गिरफ्त में लेना चाहती है।
लुटेरों की नजदीक, जल्द करेंगे खुलासा: ग्रोवर
एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने कहा कि पुलिस लुटेरों के नजदीक पहुंच चुकी है। जल्द ही लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे और लूटी गई धनराशि भी बरामद कर ली जाएगी।