Joint Pain: क्यों होता है महिलाओं के घुटनों में दर्द, विशेषज्ञों ने बताया कारण, जानें क्या करें क्या न करें?
महिलाओं में जोड़ों के दर्द की समस्या अधिक देखने को मिलती है। ये समस्या खराब लाइफ स्टाइल होने, खान पान सही न होने, एक्टिविटीज कम होने से बढ़ जाती है। एसएन के हड्डी रोग विशेषज्ञ ने बताया कि इसका मुख्य कारण क्या है और इस समस्या से जूझ रहे रोगी क्या करें क्या न करें?
विस्तार
डॉक्टर साहब, वजन ज्यादा नहीं है। भागदौड़-काम अधिक करने से घुटनों में दर्द है। बढ़ते वजन का बचाव करते हुए महिलाएं डाक्टरों को यही तर्क दे रही हैं। हकीकत इसके विपरीत है, एसएन मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग में आने वाले 62 फीसदी महिलाओं में जोड़ दर्द की वजह बढ़ा हुआ वजन है। डॉक्टर इन्हें एक किलो वजन कम करने पर घुटनों पर आठ किलो तक भार कम होने की बात बताकर प्रोत्साहित कर रहे हैं।
विभागाध्यक्ष डॉ. अमृत गोयल ने बताया कि ओपीडी में औसतन 300 मरीज रोज आ रहे हैं। इसमें से जोड़-घुटने दर्द के 90 फीसदी मरीज होते हैं। इनमें 70 फीसदी महिला मरीज हैं, जिनमें से 62 फीसदी में मोटापे-अधिक वजन के चलते घुटने घिसने, टेढ़ेमेढ़े होने, दर्द रहने, सूजन और गठिया की परेशानी हुई। औसतन 5 फीट की ऊंचाई वालों में 55-65 किलो और 5.5 फीट ऊंचाई वालों में 65-75 किलो वजन होना चाहिए। यह मरीजों 12-16 किलो तक ओवरवेट मिले। सीढि़या चढ़ने, वजन उठाने, बैठ कर उठने, कूदने-लांघने जैसी गतिविधियां करने पर घुटनों पर 7-8 गुना भार अधिक पड़ता है, जिससे घुटना तेजी से खराब होता है। अगर लोग एक किलो वजन कम करेंगे तो भार कम पड़ेगा और घुटनों को नुकसान नहीं होगा।
ये भी पढ़ें - सुरक्षा के लिए बाउंसर और हाथों में राइफल: कोई फिल्मी हस्ती नहीं हिस्ट्रीशीटर का ऐसा भौकाल, देखकर कांपते थे लोग
घुटने दर्द के 35 फीसदी मरीजों की उम्र 30-40 साल
गठिया और रोग प्रतिरोधक विशेषज्ञ डॉ. अंजना पांडे ने बताया कि मोटापे के कारण युवाओं के भी घुटने खराब हो रहे हैं। हालत ये है कि 30-40 साल की उम्र में भी घटिया-जोड़ दर्द की शिकायत मिल रही है। ये खेलकूद नहीं कर पाते। पैरों में सुन्नपन, जकड़न की भी परेशानी होने लगती है। जोड़ों का दर्द महिलाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। लापरवाही करने पर पैरों में टेढ़ापन आ रहा है, चलने-फिरने में दिक्कत के साथ दैनिक कार्य भी नहीं कर पा रहे हैं। ये स्थिति आने पर मरीज डॉक्टर को दिखाने आते हैं।
ये भी पढ़ें - Agra: प्राचीन श्रीराम मंदिर से 300 साल पुरानी मूर्तियां गायब, अकबर के नवरत्न टोडरमल ने की थी स्थापना
वजन घटाने के लिए ये करें:
- रोजाना 35-40 मिनट तक तेज गति से टहलें।
- 3-5 किमी तक रोजाना साइकिल चलाने की आदत डालें।
- सरसों और नारियल तेल से बने भोजन को तरजीह दें।
- चिकनाईयुक्त, मैदा निर्मित भोजन और जंक-फास्ट फूड से बचें।
ये भी पढ़ें - Agra: चार घंटे तक 25 फुट गहरे गड्ढे में कराहता रहा प्रवेश, दूसरे दोस्त की हो गई मौत; ऐसे बची जान
जोड़ दर्द के मरीज ये न करें:
- सीढ़ियों पर चढ़ने से बचें।
- रस्सी न कूदें, आलती-पालती मारकर न बैठें।
- देशी शौचालय का उपयोग न करें।
- ऊठक-बैठक करने से बचें।