Agra: खाते से लिंक नहीं है आधार तो रुक जाएगी विधवा पेंशन, जिला प्रोबेशन कार्यालय का चक्कर लगा रहीं महिलाएं
30 जून तक जिनका खाता आधार से लिंक नहीं होगा, उनकी पेंशन खाते में नहीं जा पाएगी। इसलिए महिलाएं कलेक्ट्रेट स्थित जिला प्रोवेशन कार्यालय में पहुंच रही हैं।
विस्तार
आगरा के कलेक्ट्रेट स्थित जिला प्रोबेशन कार्यालय में बुधवार को खाते से आधार लिंक कराने के लिए सैकड़ों विधवा पेंशन पाने वाली महिलाएं दिनभर फर्श पर बैठी रहीं। तकनीकी दिक्कत की वजह से उनका दिन में दो बजे तक खाता आधार से लिंक नहीं हो सका। ऐसे में इंतजार के बाद अधिकतर महिलाएं तो चली गईं। हालांकि बाद में तकरीबन 300 का खाता आधार से लिंक कराया जा सका।
जिले में तकरीबन 63 हजार से अधिक महिलाओं को विधवा पेंशन मिलती है। इसमें 30 हजार महिलाओं का खाता आधार से लिंक नहीं है। 30 जून तक जिनका खाता आधार से लिंक नहीं होगा, उनकी पेंशन खाते में नहीं जा पाएगी। ऐसे में पेंशन न रुके, इसलिए सैकड़ों महिलाएं कलेक्ट्रेट स्थित जिला प्रोवेशन कार्यालय में पहुंच गई। यहां नेटवर्किंग में तकनीकी दिक्कत आने की वजह से कुछ देर बाद समस्या पैदा हो गई।
तीन दिन से लगा रहीं चक्कर
भूखी-प्यासी महिलाएं वहां से नहीं उठीं। कार्यालय के सामने फर्श पर दोपहर बाद तक बैठी रहीं। लोहामंडी निवासी लीलावती ने बताया कि छह माह से उसकी पेंशन नहीं मिल सकी है। ऐसे में वह आधार बैंक खाते से लिंक कराने के लिए दो-तीन दिन से दौड़ रही है। बसंत दरवाजा निवासी संतोष एवं मनोरमा ने बताया कि सुबह नौ बजे से वह इंतजार में बैठी हुई है।
काउंसलर सुकृति ने काफी मशक्कत के बाद तकनीकी दिक्कत दूर कराकर किसी तरह तकरीबन 300 पेंशन पाने वाली महिलाओं के खाते बैंक खाता से लिंक कराया। जिला प्रोवेशन अधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि थोड़ी दिक्कत तकनीकी खराबी की वजह से जरूर आई थी, लेकिन बाद में ठीक कराकर आधार खाते से लिंक कराया गया है।