आंधी का कहर: ताजमहल में गिरा प्लास्टर, उखड़ी कैनोपी; पर्यटक गाइड सुविधा केंद्र हुआ तहस-नहस
आंधी का कहर ऐसा टूटा कि ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र तहस-नहस हो गया। वहीं कैनोपी भी फट गई।
विस्तार
आगरा में रविवार रात आई तेज आंधी से ताजमहल में प्लास्टर गिर पड़ा। पूर्वी गेट स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र तहस-नहस हो गया। उसकी कैनोपी फट गई। नीम तिराहा स्थित केंद्र के पर्दे फट गए। गनीमत रही, विश्वदाय स्मारक ताजमहल व आगरा किला में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
आंधी की रफ्तार 85 किमी. प्रति घंटा आंकी गई थी। जिससे ताजमहल के प्रवेश द्वार के पास दीवार से प्लास्टर उखड़ कर फर्श पर आ गिरा। कुछ छोटे पत्थर भी दीवार से गिर गए। जिसकी रिपोर्ट सोमवार सुबह अधीक्षण पुरातत्वविद को दी गई। स्मारक के आस-पास कई पेड़ों की डालियां टूट गईं।
ये भी पढ़ें - UP: सुहागरात के बाद दूल्हे की मौत, दूल्हन की हालत देख उड़े परिजनों के होश; घर में मचा कोहराम
पर्यटक गाइड सुविधा केंद्र हुआ क्षतिग्रस्त
पूर्वी गेट स्थित पाठक प्रेस के पास पर्यटक गाइड सुविधा केंद्र था। जिसे आंधी ने उखाड़ दिया। इधर, पश्चिमी गेट स्थित नीम तिराहा पर बने पर्यटक सुविधा के पर्दे फट गए हैं। टूरिस्ट गाइड्स वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष दीपक दान ने बताया कि पूर्वी और पश्चिमी गेट दोनों जगह पर्यटक गाइड सुविधा केंद्र को नुकसान पहुंचा है। वहीं, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल का कहना है कि ताजमहल में किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ। एक जगह हल्का प्लास्टर झड़ा है। अन्य किसी स्मारक में आंधी से कोई क्षति नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें - शुरू होने से पहले ही उजड़ गई दुनिया: शादी के एक साल बाद विवाहिता की मौत, पिता बोला- मालूम होता तो न करता शादी
आज शिल्पग्राम में बैठक
ताजमहल पूर्वी गेट स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र को पश्चिमी गेट की पार्किंग में शिफ्ट करने के लिए पुलिस, प्रशासन और एडीए अधिकारियों की मंगलवार सुबह 11 बजे से शिल्पग्राम में बैठक होगी। इसमें गाइड्स एसोसिएशन प्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। पिछले दिनों गाइड्स एसोसिएशन ने मंडलायुक्त अमित गुप्ता से पाठक प्रेस स्थित सुविधा केंद्र को पार्किंग में शिफ्ट कराने का अनुरोध किया था। जिसके बाद एडीए टीम ने निरीक्षण किया था।