मथुरा में गुरु पूर्णिमा की धूम: गोवर्धन में साधु-संतों ने कराया मुंडन, कल निकलेगी शोभायात्रा
मुड़िया पूर्णिमा के उपलक्ष्य में शनिवार को सुबह प्रमुख मंदिरों और आश्रमों में गुरु पूजा होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा के गोवर्धन में इस बार भी राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला नहीं होगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने मेला निरस्त किया है, लेकिन मुड़िया संतों की शोभायात्रा निकालने की अनुमति दे दी है। शुक्रवार को मुड़िया शोभायात्रा की तैयारियों को संतों ने अंतिम रूप दिया। सनातन गोस्वामी के शिष्यों एवं अनुयायियों ने सुबह नौ बजे मुंडन कराया। शोभायात्रा शनिवार को निकलेगी।
मुड़िया शोभायात्रा को लेकर मान्यता है कि 500 वर्ष पूर्व बंगाल के नवदीप से आए सनातन गोस्वामी चकलेश्वर स्थित भजन कुटी में भजन करते थे। वहां उनका गोलोकवास हो गया। उनके गोलोकवास होने पर उस समय उनके शिष्यों ने पार्थिव शरीर के निकट बैठकर सिर मुड़वाए थे। उसी परंपरा को कायम रखते हुए हर वर्ष मुड़िया संत गुरु पूर्णिमा पर मुंडन कराकर शोभायात्रा निकालते हैं।
शुक्रवार को श्री राधाश्याम सुंदर मंदिर में मुड़िया महंत रामकृष्ण दास, श्यामसुंदर दास, अरुण दास, चेतन दास, हजारी दास, रविदास, गोपाल दास, राधेश्याम दास, हरेकृष्णा दास, साधना दास एवं अन्य बंगाली एवं विदेशी भक्तों ने मुंडन कराया। इसके अलावा राधा गोविंद मंदिर, इमली तला हनुमान मंदिर, सिद्ध बाबा, चैतन्य महाप्रभु, तीन कौड़ी, नया मंदिर में भी साधु-संतों ने मुंडन कराया। इस दौरान शिष्यों और अनुयायियों ने संकीर्तन भी किया।
गोवर्धन के मंदिरों और आश्रमों में होगा गुरु पूजन
मुड़िया पूर्णिमा के उपलक्ष्य में शनिवार को सुबह प्रमुख मंदिरों और आश्रमों में गुरु पूजा होगी। श्री राधाश्याम सुंदर मंदिर में मुड़िया संत रामकृष्ण दास के निर्देशन में सुबह 7 बजे गुरु पूजा तथा 10 बजे सनातन गोस्वामी के अनुयायी साधु-संतों की मुड़िया शोभायात्रा निकाली जाएगी।
रामानंदाश्रम में सुबह 8 बजे से गुरु पूजा, मंदिर देवकीनंदन महाराज मंदिर में सुबह 7 से 11 बजे तक गुरु पूजन, चैतन्य महाप्रभु मंदिर में मुड़िया संत गोपाल दास के निर्देशन में सुबह 6 बजे से गुरु पूजा व सायं 4 बजे मुड़िया शोभायात्रा निकालेंगे।
गिरिराज संत सेवाश्रम पर महंत राधामोहन दास सिद्ध द्वारा गुरु पूजन एवं प्रवचन किए जाएंगे। हनुमान बाग मंदिर पर संत सियाराम दास के निर्देशन में सुबह 7 बजे से गुरु पूजा होगी। इसके अलावा अन्य मंदिरों में भी पूजा होगी।