UP: फोन पर पिता और जीजा से की बात... फिर 'मां मैं आपके पास आ रहा हूं' लिखकर फंदे से झूल गया जीएनएम छात्र
पहले फोन पर पिता व जीजा से बात की। फिर जीएनएम छात्र 'मां मैं आपके पास आ रहा हूं' लिखकर फंदे से झूल गया। जानकारी हुई तो घर में चीख पुकार मच गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजनगरी आगरा के शास्त्रीपुरम (सिकंदरा) बी ब्लॉक में मंगलवार रात को जीएनएम के छात्र युवराज लोधी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह मां की मौत से दुखी था। सुसाइड नोट में लिखा कि 'मां मैं आपके पास आ रहा हूं'। पुलिस ने परिजन को सूचना दी।
युवराज एटा के मिरहची के रहने वाला था। पिता नन्नू लोधी किसान हैं। भाई महेंद्र सिंह ने बताया कि युवराज आगरा में रहकर जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) की पढ़ाई कर रहा था। वह दोस्त अवधेश के साथ शास्त्रीपुरम में किराये के मकान में रह रहा था। 25 नवंबर 2023 में अंतिम वर्ष की परीक्षा दी थीं। परिणाम भी आने वाला था। एक जनवरी से सिकंदरा क्षेत्र के एक हॉस्पिटल में नौकरी कर रहा था।
एक महीने पहले मां लालो देवी की बीमारी के चलते मौत हो गई। वहीं छह जनवरी को दादी का स्वर्गवास हो गया। इससे युवराज काफी दुखी था। मंगलवार रात 8 बजे पिता से बात की। तब उसने हाल पूछकर फोन काट दिया। रात तकरीबन 12 बजे पिता के फोन से जीजा से भी बात की। दोस्त अवधेश रात्रि ड्यूटी पर गया था।
थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा ने बताया कि दोस्त अवधेश बुधवार सुबह 10 बजे घर पहुंचा तो युवराज का शव रोशनदान से बंधे कपड़े से फंदे पर लटका देखा। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी पर परिजन भी पहुंच गए।
मां आपके पास आ रहा हूं
पुलिस जब कमरे में पहुंची तो एक कापी फर्श पर रखी मिली। इसमें लिखा था कि पापा मुझे माफ कर देना। मां मैं आपके पास आ रहा हूं। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि युवराज ने आत्महत्या की है। परिजन से पूछताछ में यही पता चला कि वह मां की मौत के बाद से दुखी था। परिवार काफी गरीब है।