मैनपुरी। बृहस्पतिवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कोल्ड डायरिया से पीड़ित सात वर्ष की बच्ची सहित विभिन्न बीमारियों से पांच मरीजों की मौत हो गई। तीन मरीजों की मौत सांस लेने में दिक्कत के चलते हुई जबकि एक मरीज ने हृदयाघात से दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल की ओपीडी में 750 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
कुछ दिन पूर्व हुई बारिश के बाद जिले में गलनभरी सर्दी का प्रकोप जारी है। जिले में सर्दी जनित बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बिछवां थाना क्षेत्र के गांव बघौली निवासी देवेश कुमार की सात वर्ष की पुत्री पूर्वी बुधवार की रात कोल्ड डायरिया की चपेट में आ गई। उसे दस्त और उल्टियां हुई। बृहस्पतिवार की सुबह परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहर के मोहल्ला गाड़ीवान निवासी राजवीर सिंह के 35 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार जो सीएचसी किशनी पर स्वास्थ्यकर्मी के रूप में तैनात था। वह पिछले कुछ दिनों से फेफड़ों में संक्रमण के चलते बीमार चल रहा था। बुधवार की रात उसे सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव मलिखानपुर निवासी रामपाल सिंह को बुधवार की शाम सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ज्योंती खुड़िया निवासी 62 वर्षीय सुशीला देवी को बृहस्पतिवार की सुबह सांस लेने में दिक्कत हुई परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भोगांव के मोहल्ला जौहरी निवासी 50 वर्षीय हरिश्चंद्र तिवारी को बुधवार की रात हृदयाघात पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।