फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव मीठपुरा में शुक्रवार को पांच माह की गर्भवती नवविवाहिता ने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे के हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी शादी आठ महीने पहले हुई थी। विवाहिता के आत्मघाती कदम से ससुराल और मायके पक्ष में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
पुलिस के मुताबिक, राठौर नगर, आशाबाद, फिरोजाबाद निवासी महावीर ने पुत्री लक्ष्मी (19) की शादी आठ महीने पहले फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव मीठपुरा निवासी दीपक पुत्र विजय सिंह के साथ की थी। लक्ष्मी पांच माह की गर्भवती थी। पिता महावीर के अनुसार, शुक्रवार सुबह 9 बजे करीब दामाद दीपक पिता विजय सिंह के साथ उनके घर आए। इसी दौरान लक्ष्मी का फोन आया। उसने पूछा दीपक वहां पहुंचे हैं या नहीं। उन्होंने बताया कि वह घर आ चुके हैं। इसके बाद लक्ष्मी ने कहा मैं आज तुम्हें अपना मुंह नहीं दिखाऊंगी और फोन काट दिया। करीब 11 बजे लक्ष्मी ने अपने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे के हुक से लटक कर जान दे दी। परिजन ने उसे फंदे से उतारकर उपचार के लिए आगरा के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फतेहाबाद पुलिस ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पांच माह की गर्भवती ने आखिर फंदा लगाकर जान क्यों दी, इसकी जांच की जा रही है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।