अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर फ्लैट में एसी से लगी आग, दहशत में आ गए लोग
- अपर्णा पंचशील अपार्टमेंट के लोगों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग की यह दूसरी घटना है। पांच महीने पहले ए-ब्लॉक के एक फ्लैट में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। तब भी समय रहते आग को काबू कर लिया गया था।
विस्तार
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के अपर्णा पंचशील अपार्टमेंट में शनिवार दोपहर को पांचवीं मंजिल पर सोल कारोबारी राकेश मोरपानी के फ्लैट में एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। उस समय फ्लैट में कारोबारी की पत्नी और दो बच्चे ही थे।
वो किसी तरह से बाहर निकले आग लगता देखकर अपार्टमेंट में अफरातफरी मच गई। वह भूतल पर आ गए। बाद में गार्डों और दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
गुरुद्वारा गुरु का ताल आरओबी के पास स्थित अपर्णा पंचशील अपार्टमेंट में तीन ब्लॉक हैं। ब्लाक सी की पांचवीं मंजिल पर फ्लैट संख्या 505 में राकेश मोरपानी रहते हैं। उनकी हींग की मंडी में सोल की दुकान है।
एसी में हुआ था शॉर्ट सर्किट
शनिवार को वह दुकान चले गए। दोपहर तकरीबन 12 बजे राकेश की पत्नी विजीता और दोनों बच्चे फ्लैट पर थे। विजीता ने एसी का स्विच ऑन कर दिया। इससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। एसी में आग लगता देखकर विजीता ने राकेश को फोन करके बताया।
उन्होंने पत्नी से एमसीबी डाउन करने की कहा। मगर, तब तक आग से एसी जलने लगा। तारों में भी चिंगारी निकलने लगी। एसी के प्लास्टिक के पैनल पिघलने से फर्श पर गिरे। आग ने उसके गैस पाइप को भी जला दिया।
इससे बालकनी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दरवाजा जल गया। कुछ ही देर में फ्लैट में धुआं भर गया। विजीता अपने दोनों बच्चों को लेकर बाहर आ गईं। उन्होंने शोर मचाया। इस पर पूरे अपार्टमेंट में अफरातफरी मच गई। लोग भूतल पर आ गए।
दहशत में परिवार
फ्लैट में कारोबारी की पत्नी दो बच्चों के साथ अकेली थीं। एसी में लगी आग फैलने लगी थी। एमसीबी भी डाउन नहीं हुई। फ्लैट में धुआं भी भर गया था। घटना से कारोबारी की पत्नी दहशत में हैं। उनका कहना था कि बाहर निकलने में देर होती तो कुछ भी हो सकता था।
काम आई सतर्कता
अपार्टमेंट में अग्निशमन उपकरण लगे हुए हैं। गार्डों को जैसे ही आग के बारे में पता चला वह आ गए। उन्होंने उपकरणों की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। उनकी सतर्कता की सभी ने सराहना की।