अमांपुर। लगातार हो रही बारिश से धान की रोपाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। खेतों में पर्याप्त पानी भरने के बाद किसानों ने धान की रोपाई तेज कर दी है। बनूपुरा गांव के किसान केशवदेव, सरवन, प्रेम पाल, राजकुमार, उदयवीर, किताब सिंह, बंटी का कहना है कि ढाई बीघा से अधिक धान की रोपाई के लिए पिछले 20 दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे थे। कई किसान उम्मीद छोड़कर वैकल्पिक खेती करने की तैयारी कर चुके थे। हालांकि इन दिनों हुई बारिश से उम्मीद बंधी है। किसान राकेश यादव, मुलायम सिंह, ओमप्रकाश, धर्मवीर, भमरपाल, ग्रीस, दिलीप यादव ने बताया कि धान की फसल करने वालों का ध्यान शीघ्र रोपाई पर है। इस कार्य को जल्दी पूरा करने के लिए मजदूर भी रखे जा रहे हैं।
मक्का नहीं सूखने से किसान परेशान : बारिश से जहां एक ओर धान रोपाई के लिए मुफीद माहौल बना है, वहीं, मक्का का दाना खराब होने की आशंका का करने वाले किसानों की बारिश ने परेशानी बढ़ा दी है। रुक-रुक कर हो रही बारिश से मक्का नहीं सुख पा रही है। इससे दाने काले पड़ जाएंगे। किसानों को आशंका है कि ऐसी स्थिति में फसल का उचित मूल्य भी नहीं मिल पाएगा।