सबको रुला गया ऋषभ: लाल की तलाश में रातभर भटकता रहा परिवार, सुबह तालाब में मिला शव; मासूम की ये कमी बनी काल!
परिजनों ने पुलिस को बताया कि ऋषभ उनके तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था और वह मानसिक रूप से भी कमजोर था। घर के सबसे छोटे और लाडले बेटे की इस असामयिक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक बेहद हृदय विदारक घटना सामने आई है। जिले के थाना जसराना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नगला हरिसिंह में एक पांच वर्षीय मासूम बच्चे की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार की सुबह गांव के तालाब में बच्चे का शव पानी में उतराता हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
खेलते-खेलते चला गया तालाब की तरफ
मिली जानकारी के अनुसार, गांव नगला हरिसिंह निवासी नंदकिशोर का पांच वर्षीय पुत्र ऋषभ शुक्रवार की सुबह अपने घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक घर से दूर गांव के ही तालाब की ओर चला गया। जब काफी देर तक मासूम घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता सताने लगी। उन्होंने तुरंत अपने स्तर पर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। परिवार वालों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शुक्रवार देर शाम तक पूरे गांव और आसपास के इलाकों में ऋषभ की सघन खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका।
तालाब में उतराता मिला था बच्चे का शव
शनिवार की सुबह जब गांव के कुछ लोग तालाब की तरफ गए, तो उन्होंने पानी में एक बच्चे का शव उतराता हुआ देखा। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। शव की शिनाख्त लापता ऋषभ के रूप में होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी पाकर स्थानीय पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मानसिक तौर पर कमजोर था बच्चा
परिजनों ने पुलिस को बताया कि ऋषभ उनके तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था और वह मानसिक रूप से भी कमजोर था। घर के सबसे छोटे और लाडले बेटे की इस असामयिक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस हादसे पर दुख जता रहा है।