कासगंज। दो दिन से हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। सूखे की मार झेल रहे खेतों में बारिश ने संजीवनी का काम किया। शहर के लोगों को गर्मी से राहत मिली। सड़कों पर जगह-जगह जलभराव से आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार को दिन में झमाझम बारिश होने के बाद रात में अच्छी बारिश हो गई। इसके बाद दिन निकलने पर भी बारिश का दौर बना रहा। सुबह के समय हल्की फुहारें बरसीं, लेकिन दोपहर के बाद बारिश का रुख बदल गया। दिन में कई बार रुक - रुक कर काफी तेज बारिश हुई। जिससे शहर के गांधी मूर्ति, रेलवे रोड, सोरों गेट, लवकुश नगर, अशोक नगर, गली बोहरान, बिलराम गेट, प्रभु पार्क आदि क्षेत्रों में जलभराव हो गया। लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतें हो गईं। बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेतों में पानी भर गया। इस समय खेतों में धान, बाजरा, मक्का सहित दलहन की फसलें जो सूखने के कगार पर पहुंच चुकी थी उनके लिए यह बारिश वरदान बन गई है। अब किसानों के लिए अपनी फसलों को सिंचाई की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। किसान मौसम के मिजाज में आए इस बदलाव से काफी खुश नजर आ रहे हैं। उनको अपनी फसल अच्छी होने की उम्मीद एक बार फिर से होने लगी है। किसान राम गोपाल, सीताराम, रामसहाय, रामदीन आदि का कहना है कि काफी अच्छी बारिश हुई है, जिससे फसलों को काफी लाभ मिलेगा।