मैनपुरी में 'नटवरलाल' गिरफ्तार: फोन पर आईएएस बनकर अफसरों को धमकाया, पुलिस ने भेजा जेल
आरोपी का नाम सूरज कुमार पटेल है। उसने एसडीएम भोगांव और तहसीलदार को फोन कर धमकाया था। जांच में पता चला है कि आरोपी ने दूसरे जिलों के अफसरों को भी फोन किए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी जिले के कई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को वरिष्ठ आईएएस बनकर धमकाने वाले 'नटवरलाल' को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को एसपी ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान उसकी गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी दी। एसपी ने बताया कि आरोपी लखीमपुर खीरी का रहने वाला है। उसको मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है।
एसडीएम भोगांव और तहसीलदार को 30 जून को किसी व्यक्ति द्वारा फोन किया गया। उसने खुद को वरिष्ठ आईएएस सुरेश चंद्रा बनकर रौब जमाया था। नटवर लाल ने इसके अलावा कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को भी फोन पर धमकाया और दबाव बनाया था। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी की ओर से कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
तहसीलदार ने दर्ज कराया था मुकदमा
एसपी अशोक कुमार ने बताया कि तहसीलदार भोगांव अजीत कुमार की ओर से मामला दर्ज कराया गया था। आरोपी ने खुद को प्रमुख सचिव राजस्व बताया था। सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हुईं थीं। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को धर दबोच लिया।
सूरज कुमार पटेल निवासी मोहम्मदपुर थाना मोहम्मदी लखीमपुर खीरी को प्रभारी निरीक्षक भोगांव विजय गौतम ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मोबाइल सिम आदि बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, वहां से उसे जेल भेजा गया है।
गैर जनपदों में फोन कर बनाया दबाव
सीओ भोगांव अमर बहादुर ने बताया कि पकड़ा गया सूरज कुमार पटेल बेहद शातिर है। जांच के दौरान पता चला है कि गैर जनपदों में भी उसने कई अधिकारियों को फोन कर अनावश्यक दबाव बनाया। उसके बारे में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।