यूपी: पूर्व मंत्री के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज, पुलिस ने घर पर मारा छापा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुधवार सुबह एक महिला ने पूर्व मंत्री और शिकोहाबाद के पूर्व विधायक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा कर सनसनी फैला दी। महिला अपने पति के साथ थाने पहुंची और पूर्व मंत्री अशोक यादव के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवास पर कई थानों की पुलिस के साथ दबिश दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पूर्व आरोपी मंत्री भागने में सफल हो गए।
थाना क्षेत्र में निवास करने वाली एक महिला पूर्व मंत्री के आवास परिसर स्थित रॉयल गार्डन में शादी समारोह में भाग लेने मंगलवार रात को पति के साथ गई थी। आरोप है कि रात के समय महिला और उसके रिश्तेदार तथा पूर्व मंत्री एक साथ बैठ कर बातें करते रहे।
रात में ही वह अपने पति के साथ घर लौट आई। महिला का आरोप है कि सुबह छह बजे के करीब पूर्व मंत्री ने मोबाइल पर फोन किया और कहा कि आपके रिश्तेदार विपिन बुला रहे हैं। पूर्व मंत्री के फोन पर महिला लगभग साढ़े छह बजे उनके आवास पर पहुंची, लेकिन उसके रिश्तेदार नहीं मिले।
आरोप है कि पूर्व मंत्री ने उसे कमरा नंबर तीन में बैठाया। इसके बाद उन्होंने दरवाजा बंद कर लिया और फिर उसे बुरी नीयत से दबोच लिया और दुष्कर्म किया। उसने काफी विरोध भी किया, लेकिन उसकी चीख सुनने वाला कोई नहीं था।
महिला ने आरोप लगाया कि दुष्कर्म के बाद उसने धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो तुझे और तेरे पति को जान से मार दूंगा। महिला उसके चंगुल से निकलकर स्टेशन रोड पहुंची और उसने पति को फोन करके घटना से अवगत कराया। पति पूर्व मंत्री के आवास के बाहर से महिला को लेकर थाने आया। इस संबंध में सीओ अजय सिंह चौहान का कहना है कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके आवास पर फोर्स के साथ दबिश दी, लेकिन आरोपी पूर्व मंत्री फरार हो गया है। सीओ ने बताया कि पूर्व मंत्री के खिलाफ बीती रात एक चौथ वसूली का भी मुकदमा दर्ज किया गया है। शीघ्र ही पुलिस गिरप्तार कर जेल भेजेगी।
राजनीतिक रूप से फंसाया जा रहा है जिस समय पुलिस पूर्व मंत्री के आवास पर दबिश देने गई तो वहां पूर्व मंत्री अशोक यादव नहीं मिले। पुलिस ने उनकी पत्नी नीलम यादव से कमरों की तलाशी के लिये कहा तो उन्होंने बगैर किसी विरोध के कमरों को खोल दिया। इस दौरान पुलिस के रवैये से काफी आहत दिखीं। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री को राजनीति के चलते फंसाया जा रहा है। उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कराये जा रहे हैं।