यूपी: संजू की तलाश में जुटा रहा परिवार, शाम को क्षीरसागर कुंड में मिला शव; तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल
संजू सोमवार रात बिना बताए घर से निकल गई। मंगलवार सुबह बेटियो को मां दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने रिश्तेदारियों व आसपास में तलाश की, देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। चार बजे क्षीरसागर कुंड में परिक्रमार्थी को महिला का शव उतराता दिखाई दिया।
विस्तार
यूपी के मथुरा स्थित बलदेव में पुराने बस स्टैंड की पं. हरिशंकर कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय संजू पत्नी ओमप्रकाश पांडेय का शव मंगलवार शाम चार बजे क्षीरसागर कुंड में उतराता मिला। कुंड में शव दिखाई देने पर सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने शव को बाहर निकाल कर पीएम को भेज दिया। संजू सोमवार रात से घर से बिना बताए घर से निकल गई थीं, मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
संजू सोमवार रात बिना बताए घर से निकल गई। मंगलवार सुबह बेटियो को मां दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने रिश्तेदारियों व आसपास में तलाश की, देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। चार बजे क्षीरसागर कुंड में परिक्रमार्थी को महिला का शव उतराता दिखाई दिया। उसने मौजूद लोगों को जानकारी दी। सूचना पर थानाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे, शव को कुंड से बाहर निकलवाया। महिला की पहचान संजू पत्नी ओमप्रकाश पांडेय निवासी पं. हरिशंकर कॉलोनी, बलदेव के रूप में हुई।
मृतका के पति ओमप्रकाश पांडेय ने बताया संजू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह पहले भी दो-तीन बार घर से चली गई थीं, उस समय कोई घटना नहीं हुई। रात को घर से बिना बताए निकल गई। मंगलवार सुबह घर पर नहीं मिलने पर तलाश शुरू की, उनका पता नहीं चला।
संजू की तीन बेटियां हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है, दो बेटियां अविवाहित हैं। मौत की खबर मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटियों व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा ने बताया महिला का शव पीएम को भेज दिया है। जांच-पड़ताल की जा रही है। पीएम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा।