मथुरा में ऊर्जा मंत्री ने देखी विकास कार्यों की हकीकत: डीएम से बोले- लापरवाह अफसरों पर करें कार्रवाई
ऊर्जा मंत्री ने निरीक्षण के दौरान मैनहोल और नाला खुला होने, गंदगी और सड़क धंसी होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने नाला कवर करने और सीवर लाइन की सफाई का कार्य नगर निगम को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। जल निगम को पीने के लिए स्वच्छ गंगाजल पहुंचाने का कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि लाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत का कार्य ठीक ढंग से न होने के कारण आमजन को परेशानी हो रही है। टाइल्स की तत्काल मरम्मत करवाएं। उन्होंने डीएम से कहा कि विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य गुणवत्तापूर्ण व समय से पूरा कराएं। शहर में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता की नियमित समीक्षा करें।
यह हो रहे हैं विकास कार्य
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि मथुरा-वृंदावन के 1.25 लाख घरों में से 70 हजार घरों को गंगाजल की आपूर्ति की जा रही है। जल निगम करीब 85 करोड़ 83 लाख रुपये से 169 किलोमीटर पाइप लाइन बिछा रहा है, जिससे घरों तक गंगाजल पहुंचाया जा रहा है। इससे 27083 घरों को कनेक्शन मिल रहे हैं। इसके लिए दो ओवरहेड टैंक और दो अंडरग्राउंड टैंक भी उपलब्ध होंगे।
डेम्पियर नगर में 13 लाख लीटर का ओवरहेड तैयार हो रहा है। यह कार्य इस वित्त वर्ष में पूरा हो जाएगा। जल निगम शहर में 130 किलोमीटर की सीवर लाइन भी डाल रहा है। 142 करोड़ की इस योजना से 18560 घरों को कनेक्शन मिल रहा है। यह कार्य भी वर्ष के अंत तक पूरा हो जाएगा।