फिरोजाबाद: बिजली चेकिंग के दौरान अवर अभियंता और कर्मचारियों पर लाठी डंडों से हमला, एक आरोपी गिरफ्तार
अवर अभियंता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में गुरुवार को बिजली चोरी के आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर विद्युत चेकिंग टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने अवर अभियंता और संविदा कर्मचारियों को लाठी-डंडों से पीटा। सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। अवर अभियंता ने थाने पहुंच कर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अवर अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि वह दोपहर को संविदा कर्मचारी अतुल, शेर सिंह, अंकित कुमार और रोहित के साथ मोहल्ला गढैया में विद्युत चेकिंग कर रहे थे। जब वह शमसुद्दीन नामक व्यक्ति के घर पहुंचे तो देखा शमसुद्दीन कटिया डाल कर विद्युत चोरी कर रहा है। टीम को देख उसने कटिया उतार ली। इसके बाद जब टीम उसके मीटर को चेक कर रही थी, तभी शमशुद्दीन के लड़के और मोहल्लें के लोगों ने टीम पर लाठी, डंडों से हमला बोल दिया।
आरोप है कि टीम के साथ मारपीट की गई। उनके हाथों से फाइलों को छीन कर फाड़ दिया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जेई अनिल कुमार ने थाने में मारपीट व सरकारी अभिलेख फाड़ने की तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि जेई की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक आरोपी शमीर को गिरफ्तार कर लिया है।
15 घरों में पकड़ी विद्युत चोरी
फिरोजाबाद में गुरुवार को मोहल्ला कोटला और रामनगर क्षेत्र में विद्युत विभाग ने चेकिंग अभियान चलाया। टीम को 15 घरों में विद्युत चोरी करते हुए पकड़ा। टीम ने अवैध कटिया में उपयोग की जाने वाली अवैध केबिलों को काट दिया। एक्सईएन एके पांडेय ने बताया कि 15 घरों में विद्युत चोरी के मामले पकड़े गए हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
भीषण गर्मी में बिजली न आने से आम जनमानस कराह उठा है। इसको देखते हुए लघु उद्योग प्रकोष्ठ भाजपा के सह संयोजक ब्रजक्षेत्र राजीव गुप्ता के निर्देशन में एक प्रतिनिधि मंडल एसडीएम और अधिशाषी अभियंता विद्युत से मिला। उप जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
विधायक ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
शिकोहाबाद विधायक के डॉ. मुकेश वर्मा ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। पत्र के माध्यम से विधायक ने क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती के संबंध में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नगर में दिनरात 10 घंटे विद्युत कटौती की जा रही है। जिससे जनमानस पूर्ण तरीके से परेशान है। बिजली के अभाव में पेयजलापूर्ति भी बाधित हो रही है।