बेवर (मैनपुरी)। सरकारी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के लिए चल रहे ऑपरेशन कायाकल्प के संबंध में ब्लॉक सभागार में बुधवार को बैठक का आयोजन किया। खंड शिक्षाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प से जुड़े ग्राम विकास अधिकारियों को स्कूलों में होने वाले कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
खंड शिक्षाधिकारी जेपी पाल की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में ग्राम पंचायत अधिकारियों से उन्होंने कहा कि प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराएं। शौचालय, यूरिनल, ओवर हेड टैंक, हैंड वाशिंग, रसोई में पानी की व्यवस्था की जाए। कम्पोजिट ग्रांट से उपलब्ध धनराशि से रंगाई, पुताई, श्यामपट, बिजली, टूटे दरवाजे की मरम्मत कराने की व्यवस्था कराएं। एडीओ पंचायत अनिल मिश्रा, ग्राम विकास अधिकारी संजीव कुमार, प्रवीण कुमार, नरेंद्र सिंह यादव, अनिल यादव, अर्जित कुमार, शिवम मौजूद रहे।