आगरा: औषधि विभाग की टीम का अवैध गोदाम पर छापा, 50 लाख रुपये की दवाएं बरामद
- गोदाम में 15 कार्टन में भरी हैं आयुर्वेदिक और एलोपैथिक दवाएं
- लाइसेंस और दवाओं की बिल की जांच में जुटी टीम, गोदाम सील
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में औषधि विभाग की टीम ने मंगलवार को लोहिया नगर, बल्केश्वर में दवाओं के अवैध गोदाम पर छापा मारा। यहां पर 150 से अधिक कार्टन में दवाएं भरी हुई मिलीं। इनकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई है। गोदाम को सील कर दिया गया है। जांच के लिए पांच दवाओं के नमूने लिए हैं।
पुलिस की सूचना पर औषधि विभाग की टीम करीब चार बजे गोदाम पर पहुंची। यहां मकान मालिक सुभाष चंद्र गुप्ता मिले। पूछने पर उन्होंने बताया कि गोदाम को मैसर्स मित्तल मेडिकल स्टोर के मालिक मनोज मित्तल को किराए पर दिया है। फोन कर मनोज मित्तल को बुलाया और गोदाम खुलवाया।
गोदाम के तीन कमरों, बरामदे और लॉबी में दवाएं रखी हुईं थीं। वह मौके पर लाइसेंस नहीं दिखा पाया। यहां करीब 150 कार्टन में दवाएं रखी हुईं थीं। जब इनको खोलकर देखा तो इसमें आयुर्वेदिक-एलोपैथिक दवाएं और फूड प्रोडक्ट मिले। इसमें से इंजेक्शन, टैबलेट समेत पांच दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
मकान मालिक और गोदाम संचालक पर होगा मुकदमा
औषधि निरीक्षक नरेश मोहन दीपक ने कहा कि दवाओं समेत अवैध गोदाम सील कर दिया है। पांच नमूनों की जांच करा रहे हैं। मकान मालिक और गोदाम संचालक के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम 1940 की धारा 18/27 के अंतर्गत धारा 32 के तहत मुकदमा कोर्ट में कराया जाएगा।
गोदाम में मिलीं 35 तरह की दवाएं
औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि गोदाम में 80 कार्टन एलोपैथिक और 70 कार्टन आयुर्वेदिक दवा के मिले। इनमें टैबलेट, इंजेक्शन, दर्द निवारक, एस्टरॉयड, एंटीबायोटिक, आयुर्वेद और शरीर सौष्ठव के फूड प्रोडक्ट शामिल हैं। इन दवाओं का इस्तेमाल बुखार-खांसी, जुकाम, मधुमेह, हृदय, त्वचा रोग और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में उपयोग किया जाता है।
15 हजार रुपये महीने पर एक साल के लिए लिया था गोदाम
औषधि विभाग की पूछताछ में मकान मालिक ने 15 हजार रुपये महीने पर दिसंबर 2020 से नवंबर 2021 तक किराए पर दिया था। गोदाम मालिक मनोज मित्तल ने टीम को बताया कि उनकी फर्म के पास लोहिया नगर बल्केश्वर में उनका गोदाम था। वहां के मकान मालिक ने गोदाम खाली करा जिया तो यहां गोदाम किराए पर ले लिया। टीम ने कहा इसकी जानकारी क्यों नहीं दी, इस पर वह चुप हो गया।
एक नजर : आगरा में अब तक
8.50 करोड़ रुपये की दवाएं हो चुकी हैं जब्त
27 तरह की दवाएं मिली हैं जब्त सामान में
19 कंपनियों की हैं जब्त की गई दवाएं
50 तस्कर हैं जयपुरिया और पंकज गुप्ता के गैंग में
17 तस्कर अभी तक पुलिस की गिरफ्त में आए
04 नामजद हैं फरार, इनमें सरगना पंकज गुप्ता भी
नशे और गर्भपात दवाओं की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय तस्कर अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। इसमें जयपुरिया गैंग का सरगना तेज नगर कमला नगर निवासी पंकज गुप्ता, गुलाबबाग काला महल निवासी अनिल करीरा उर्फ सिंधी, कानुपर निवासी हरप्रीत सिंह और प्रीतम नाथ शामिल हैं।
इनके पकड़े जाने के बाद नशे की दवाओं की तस्करी में शामिल और सदस्य भी पकड़ में आ सकेंगे। आगरा गैंग के सरगना जितेंद्र अरोड़ा उर्फ विक्की, कपिल अरोड़ा को पंजाब पुलिस सात महीने पहले गिरफ्तार कर चुकी है।