डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय: दीक्षांत समारोह स्थगित करने के लिए राजभवन भेजा पत्र
- कुलपति कोरोना प्रोटोकॉल के तहत शामिल नहीं हो पाएंगे
- समारोह में शामिल होने की सूचना देने पहुंचे पदक धारक
विस्तार
पत्र लिखकर दीक्षांत समारोह को स्थगित करने का अनुरोध किया
कुलपति ने कुलाधिपति/राज्यपाल के अपर प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर दीक्षांत समारोह को स्थगित करने का अनुरोध किया है। जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर के मुताबिक कुलपति ने अपर प्रमुख सचिव को बताया है कि कोरोना संक्रमित होने की वजह से वह क्वारंटीन हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के निर्देशन में उनका उपचार चल रहा है। कुलपति ने यह बताया कि विवि में प्रति कुलपति की तैनाती भी नहीं है, इससे भी दीक्षांत समारोह का आयोजन पांच अप्रैल को संभव नहीं होगा।
ये भी पढ़ें- डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय: ऑनलाइन हो सकता है दीक्षांत समारोह, ये है वजह
समारोह में शामिल होने की सूचना देने पहुंचे पदक धारक
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले पदक और उपाधि धारकों को 31 मार्च को सहायक कुलसचिव (प्रशासन) के कार्यालय में समारोह में शामिल होने की सूचना देनी थी। करीब 50 पदक और उपाधि धारकों ने सूचना दी। हालांकि इनको मौखिक रूप से बता दिया गया है कि दीक्षांत समारोह स्थगित हो सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुधवार को कुलपति सचिवालय में तैनात स्टाफ की कोरोना जांच के लिए नमूने लेने थे, लेकिन टीम नहीं पहुंची। स्टाफ पूरे दिन इंतजार करता रहा। कुलपति सचिवालय में तैनात स्टाफ लगातार कुलपति के संपर्क में था। वहीं, विश्वविद्यालय के पालीवाल पार्क परिसर में बुधवार को बहुत कम भीड़ रही। होली की छुट्टी के बाद विश्वविद्यालय के कार्यालय खुले थे।