पंचायत चुनाव 2021: जल्द शुरू हो सकती है प्रक्रिया, वर्गों के आधार पर मांगा गया डाटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मैनपुरी जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के संबंध में निदेशक पंचायती राज की ओर से ग्राम पंचायतों की आबादी का वर्गवार डाटा मांगा गया है। आदेश आने के बाद पंचायत राज विभाग डाटा तैयार करने में जुटा गया है। जल्द ही पूरी सूची निदेशालय को भेज दी जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए उच्च न्यायालय के आदेश के बाद अब जल्द ही चुनाव प्रक्रिया शुरू होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसी बीच निदेशक पंचायती राज विभाग किंजल सिंह ने मैनपुरी के जिला पंचायत राज अधिकारी को एक पत्र भेजा है। उन्होंने जिले के नौ ब्लॉकों में स्थित कुल 549 ग्राम पंचायतों की वर्गवार आबादी का विवरण मांगा है।
शासन की ओर से उपलब्ध कराए गए प्रारूप में ब्लॉकवार ग्राम पंचायतों के नाम उनमें रहने वाली अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग की आबादी की जानकारी देनी होगी। ये जानकारी वर्ष 2011 में हुई जनगणना के अनुसार मांगी गई है।
इसके साथ ही इन ग्राम पंचायतों में वर्ष 1995 से लेकर 2015 तक के चुनावों में आरक्षण की भी जानकारी दर्ज करनी होगी। आदेश आने के बाद पंचायत राज विभाग पूरा विविरण तैयार करने में जुट गया है। शनिवार को भी कर्मचारी इसी कार्य में जुटे रहे। जल्द से जल्द ये जानकारी निदेशालय को भेज दी जाएगी।
निदेशालय से आरक्षण निर्धारण की चर्चा हुई तेज
ग्राम पंचायतों में वर्गवार आबादी का विविरण मांगे जाने से आरक्षण निर्धारण को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जानकारों का मानना है कि निदेशालय इस बार सीधे ही आबादी के आधार पर ग्राम पंचायतों का आरक्षण निर्धारित कर सकता है। इसी के चलते वर्गवार आबादी की जानकारी मांगी गई है। हालांकि अब तक इस बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं है।
जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन ने बताया कि निदेशालय से जो जानकारी मांगी गई है, उसे तैयार कराया जा रहा है। आरक्षण कैसे होगा, इस संबंध में अब तक कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।