आगरा: इस मेट्रो स्टेशन का नाम बदला, ललितपुर कांड पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य बोले- घटिया राजनीति कर रहे अखिलेश यादव
दो दिवसीय दौरे पर आगरा आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पहले दिन मेट्रो सहित अन्य योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ललितपुर कांड को लेकर सपा मुखिया पर निशाना साधा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दो दिन के दौरे पर आगरा पहुंच गए हैं। यहां आते ही उन्होंने आगरा मेट्रो रेल परियोजना का निरीक्षण किया। जिसके बाद धमोटा गांव की पाठशाला भी पहुंचे। विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद वे अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दौरे के पहले दिन डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ललितपुर कांड पर अखिलेश यादव पर पलटवार किया।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उन्हें अधिकार है कहीं भी जा सकते हैं, किसी भी मामले को तूल दे सकते हैं। लेकिन उनकी हार की बौखलाहट साफ नजर आ रही है। घटिया राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा इस कांड में दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूरे पुलिस थाने को सस्पेंड किया गया है। बता दें ललितपुर में दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग से पुलिस थानाध्यक्ष पर बलात्कार का आरोप है। अखिलेश पीड़ित परिवार के घर मिलने गए थे।
जामा मस्जिद नहीं, मेट्रो मनकामेश्वर मंदिर होगा मेट्रो स्टेशन का नाम
केशव प्रसाद मौर्य जब मेट्रो रेल परियोजना का निरीक्षण कर रहे थे, उसी समय पूर्व राज्य मंत्री एवं विधायक आगरा छावनी डॉक्टर जीएस धर्मेश ने भूमिगत रेलवे स्टेशन जामा मस्जिद का नाम बदलकर मनकामेश्वर मंदिर मेट्रो रेलवे स्टेशन करने का सुझाव दिया। उप मुख्यमंत्री ने तुरंत जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन का नाम बदल कर मनकामेश्वर मंदिर करने का मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आदेश दिया। मेट्रो अधिकारियों ने तुरंत स्वीकारोक्ति प्रदान की।
सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दो दिन के दौरे पर गुरुवार को आगरा पहुंच गए हैं। उन्होंने सबसे पहले मेट्रो कार्यों का निरीक्षण किया, फिर सर्किट हाउस में समीक्षा करेंगे। बता दें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आगरा के प्रभारी मंत्री हैं। डिप्टी सीएम से ताजनगरी की जिला विकास योजना को बजट की आस है।
पिछली बार पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा जिले के प्रभारी थे। उन्होंने जिला विकास योजना के तहत 510 करोड़ रुपये के प्रस्ताव स्वीकृत किए थे। महज 58 करोड़ रुपये मिले। पुल, सड़क, रोजगार, स्वास्थ्य, प्राथमिक शिक्षा सहित 28 विभाग खाली हाथ रह गए। इस बार बजट मिल जाए तो विकास की बाट जोह रही योजनाओं को रफ्तार मिल जाए।