Mathura: वृंदावन की उखड़ी सड़कें और गंदगी देख डिप्टी सीएम नाराज, समीक्षा बैठक में अफसरों को दी हिदायत
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने टीएफसी में सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा की। वृंदावन की उखड़ी सड़कें और सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
विस्तार
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शनिवार को वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन किए। बारिश के बीच वृंदावन पहुंचे डिप्टी सीएम ने समीक्षा बैठक के दौरान जिले के अधिकारियों की क्लास लगाई। हिदायत दी कि 25 दिन बाद फिर लौटकर जनपद आऊंगा, कार्य व्यवस्था में सुधार कर लें। वृंदावन में टूटी सड़कें और गंदगी को देखकर भी नाराज हुए।
डिप्टी सीएम ने टीएफसी में सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा की। वृंदावन की उखड़ी सड़कें और सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले लोग क्या संदेश लेकर जाते होंगे। इसके बाद उन्होंने एक-एक कर विभागीय अधिकारियों को अपने पास बुलाते हुए योजनाओं के संदर्भ में पूछताछ की। वनाधिकारी से पूछा कि पौधे लगने के बाद उनकी क्या स्थिति है।
वैक्सीन की उपलब्धता पर ली जानकारी
डिप्टी सीएम ने सीएमओ से वैक्सीन की उपलब्धता पर जानकारी ली। जिला कार्यक्रम अधिकारी को किसी एक लाभार्थी का नाम बताने को कहा। इसी तरह प्रभारी बीएसए, श्रमायुक्त, उपायुक्त जिला उद्योग, डीपीआरओ, एसपी सिटी से डिप्टी सीएम की पूछताछ को देख आलाधिकारियों के हलक सूख गए।
डिप्टी सीएम ने साफ कहा कि कार्य व्यवस्था में सुधार कर लें, 25 दिन बाद फिर मथुरा आऊंगा। जो दायित्व मिला है उसे इमानदारी से निभाइए। गरीब पात्रों को योजनाओं का लाभ पहुंचाइए, पुण्य मिलेगा। अधिकांश सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक नहीं पहुंच रही है। इसके प्रयास करें।
अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
बैठक के बाद ब्रजेश पाठक ने कहा कि समीक्षा बैठक में लंबित पड़े विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वृद्धावस्था, निराश्रित महिलाओं व दिव्यांग पेंशन के कार्यों तेजी लाने व शेष पात्रों को शिविर लगाकर सत्यापन कराने के आदेश दिए हैं। इसी क्रम में रविवार को प्रदेश भर में लगने वाले बूस्टर डोज महाअभियान को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए हैं।
बैठक में विधायक राजेश चौधरी, ठा. मेघश्याम सिंह, मेयर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किशन सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष मधु शर्मा के अलावा जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नितिन गौड़, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त क्रांतिशेखर सिंह, सीएमओ डॉ. अजय वर्मा आदि मौजूद रहे।