कासगंज। अब ग्राम फरीदपुर में डेंगू की दस्तक हो गई है। इस गांव में एक युवक डेंगू संक्रमित निकल आया है। इससे जिला में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 51 पहुंच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम पथरेकी में शिविर लगाकर मरीजों की जांच की। मरीजों को आवश्यक दवा उपलब्ध कराई गई। जिला में डेंगू का डंक लगातार बढ़ रहा है। कादरवाड़ी, तैयबपुर कमालपुर, पथरेकी, नगला खेरिया, किलोनी रफतापुर, किसरौली, बोंदर के बाद अब डेंगू ने ग्राम फरीदपुर में अपनी दस्तक दे दी। इस गांव में अमन (18) पुत्र महेंद्र को बुखार की शिकायत होने के बाद जिला अस्पताल पर कराई गई जांच के बाद उसमें डेंगू की पुष्टि हो गई। जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम पथरेकी में डेंगू के लगातार मामले सामने आने पर शिविर लगाया। शिविर के दौरान गांव के परिषदीय स्कूलों के 86 बच्चों की जांच की गई। जांच में 7 बच्चे सर्दी, खांसी जुकाम से पीड़ित मिले। 1 बच्चे में मलेरिया के लक्षण मिलने पर उसकी स्लाइड बनाई गई। वहीं गांव में 37 लोगों की जांच की गई। इसमें सात में मलेरिया के लक्षण मिलने के बाद स्लाइड बनाई गई। टीम मेें डा. पीएस वर्मा, डा. सरस्वती, स्टाफ नर्स विमलेश, लेब टेक्नीशियन देवराज शामिल रहे।