Mainpuri: बुखार से पीड़ित तीन साल के बच्चे ने तोड़ा दम, एक महीने में आठ मरीजों की हो चुकी है मौत
जिले में निमोनिया के साथ ही बुखार के मरीज भी तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। इस महीने में अब तक निमोनिया और बुखार से आठ मरीजों की मौत हो चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी जिले में निमोनिया और बुखार के मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को एलाऊ थाना क्षेत्र निवासी बुखार से पीड़िती तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। इस महीने में अब तक निमोनिया और बुखार से आठ मरीजों की मौत हो चुकी है।
जिले में निमोनिया के साथ ही बुखार के मरीज भी तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार को निमोनिया और बुखार से पीड़ित 15 मरीज पहुंचे। इनमें से नौ मरीजों को गंभीर हालत देखते हुए भर्ती कराया गया। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव गोपालपुर निवासी कल्लूमल का तीन साल का पुत्र रीतेश कुमार पिछले कुछ दिनों से सर्दी जुकाम के साथ ही बुखार की चपेट में था।
परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। शनिवार को हालत बिगडने पर कल्लूमल अपने पुत्र रीतेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को जिला अस्पताल से तीन अन्य बच्चों को गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि बच्चे को मृत अवस्था में लाया गया था।
सीएमओ ने जताई नाराजगी
जिले में निमोनिया और बुखार से हो रही मौतों को लेकर सीएमओ ने नाराजगी जताई है। सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने जिले के सभी चिकित्साधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे बीमारियों को लेकर सजग रहे हैं। जहां भी बुखार या निमोनिया आदि के मरीज मिल रहे हैं वहां टीम भेजकर उपचार दिलाया जाए।
आशा और एएनएम की मदद से लोगों को बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक भी किय जाए। सीएमओ ने चिकित्साधीक्षकों को चेतावनी दी कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही हुई तो संबंधितों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
सर्दी में बच्चों का रखें विशेष ख्याल
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके शाक्य का कहना है कि सर्दी में बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। बच्चों का सर्दी से हर हाल में बचाव किया जाए। जरा भी दिक्क्कत होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर से ही उपचार दिलाएं। सर्दी जुकाम में लापरवाही से बच्चे बुखार और निमोनिया की चपेट में आ रहे हैं।
सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने बताया कि जहां भी बुखार आदि के मरीज मिल रहे हैं वहां टीम भेजकर उपचार दिलाया जा रहा है। लोगों से अपील है कि बच्चों और बुजुर्र्गों का इस मौसम में विशेष ख्याल रखा जाए।