एटा: ठंडी रोटियां देने पर ढाबा मालिक को गोली मारी, पिस्टल के साथ दो युवक गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एटा जिले में बुधवार की रात ठंडी रोटियां देने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने ढाबा मालिक को गोली मार दी। गोली ढाबा मालिक के जांघ में लगी है। पुलिस ने घायल ढाबा मालिक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना कोतवाली नगर क्षेत्र में बस अड्डे के सामने स्थित एक ढाबे में हुई। यहां ज्योति होटल के नाम से अवधेश यादव ढाबा चलाते हैं।
घायल अवधेश के भतीजे अवध पाल सिंह ने बताया कि बुधवार की रात करीब 11.30 बजे चाचा अवधेश यादव ढाबे पर मौजूद थे, तभी दो युवक बिना नंबर की पल्सर बाइक पर आए। युवकों ने खाना पैक कराने का ऑर्डर दिया। अवधेश ने खाना पैक कराकर दे दिया। लेकिन युवकों ने रोटियां ठंडी बताकर रुपये नहीं दिए। इसका विरोध करने पर युवक अमित चौहान ने अवधेश पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी, गोली उनकी दाहिनी जांघ में जा लगी। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, यहां हालत नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी सुनील कुमार सिंह, सीओ सिटी राजकुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। घायल के भतीजे की तहरीर पर पुलिस अधिकारियों ने दो नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
पुलिस ने आरोपी अमित चौहान पुत्र विजेंद्र चौहान और कौस्तुभ सिंह पुत्र संतोष कुमार निवासी नारायण नगर थाना कोतवाली नगर को मय लाइसेंसी दो पिस्टलों सहित गिरफ्तार कर लिया है। इनसे एक काली पल्सर बाइक बिना नंबर की बरामद की गई है।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ढाबा पर रोटियां ठंडी होने के विवाद में संचालक को दो लोगों ने पिस्टल से गोली मारकर घायल कर दिया, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।