मैनपुरी: प्रतिबंधित मांस बेचने जा रहे गोकशों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, तीन गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मैनपुरी की थाना भोगांव पुलिस ने मंगलवार दोपहर बाइक से प्रतिबंधित मांस बेचने जा रहे गोकशों को रोका, तो उन्होंने फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने कुछ दूर पीछा करने के बाद तीन गोकशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 35 किलो मांस बरामद हुआ। इसे पशु चिकित्सक की टीम ने जांच के लिए भेजा गया है।
थाना पुलिस को मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे सूचना मिली कि गांव अहिरवा जाने वाले मार्ग पर रेलवे अंडरपास के पास एक बाइक पर कुछ संदिग्ध लोग नजर आए हैं। इस पर प्रभारी निरीक्षक पहुप सिंह ने टीम को घेराबंदी कर कार्रवाई के लिए भेजा।
रेलवे अंडरपास के पास पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की तो बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले से संभलते हुए पुलिसकर्मियों ने कुछ दूर पीछा कर तीन आरोपियों को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से करीब 35 किलो मीट बरामद हुआ। इसे गोकश बिक्री करने के लिए जा रहे थे।
एक आरोपी मौके से हुआ फरार
पुलिस ने बताया कि एक आरोपी मौके से भाग गया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने नाम मुन्ना उर्फ आमिर पुत्र इरशाद उर्फ कल्लू, अफरूद्दीन पुत्र नवी हसन, जाविद पुत्र हफीज निवासी मोहल्ला फाजिलगंज बताया। पूछने पर भागे हुए साथी का नाम इदरीश पुत्र बली मोहम्मद निवासी सिंकदरपुर सदर कोतवाली बताया।
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि इदरीश उन्हें प्रतिबंधित मीट उपलब्ध कराता है। पुलिस ने पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाया। चिकित्सक ने मीट का सैंपल जांच के लिए मथुरा लैब भेजा है। वहीं अन्य मीट को गड्ढा खुदवाकर दफन करा दिया गया।
थाने पहुंचे हिंदूवादी संगठन के लोग
प्रतिबंधित मीट के साथ तीन गोकश पकड़े जाने की सूचना मिलने के बाद हिंदूवादी संगठन के लोग थाने पहुंच गए। विहिप, बजरंग दल आदि के कार्यकर्ताओं ने प्रभारी निरीक्षक से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर विहिप नेता के अलावा बजरंग दल के जिला संयोजक शिव पाठक, सजंय बजरंगी, बाबा तिवारी, राहुल देव राठौर, अरुण राजपूत आदि मौजूद रहे।