करहल (मैनपुरी)। मोहल्ला बाजार में दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को एसटीएफ आगरा, स्वाट टीम और थाना पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित था।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाजार निवासी तनवीर अली का 29 दिसंबर को गड़िया चौराहा निवासी राहुल, शेखर, मनीष यादव और रिषी यादव निवासी नगला श्रीकृष्ण से कार के किराए को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद 30 दिसंबर को नामजद लोगों ने साथियों के साथ एक दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। उक्त मामले में रंगबाजी करने वाले चार आरोपी भानू यादव, शेखर, राहुल और पिंटू पर एसपी ने 15-15 हजार का इनाम घोषित किया था। पांच जनवरी को इनामी सगे भाई शेखर व पिंटू को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा था। वहीं भानू व राहुल की तलाश की जा रही थी। इस बीच राहुल पर 25 हजार का इनाम घोषित किया जा चुका था। मंगलवार को थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ मिश्रा, एसटीएफ आगरा टीम प्रभारी मानवेंद्र सिंह, स्वाट टीम प्रभारी आरएन सिंह ने घिरोर चौराहा के पास घेराबंदी कर राहुल को गिरफ्तार कर लिया। थाने से आरोपी को जेल भेजा गया।