आगरा में कोरोना: एसएन मेडिकल कॉलेज के तीन डॉक्टर सहित 94 नए मरीज, आंकड़ा 3800 पार
- खेरागढ़ और न्यू ईदगाह कॉलोनी में एक ही परिवार में कई-कई मरीज मिले
- एसएन मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य और दो स्टाफ भी संक्रमित
विस्तार
आगरा में कोरोना संक्रमण बेकाबू हो चुका है। शुक्रवार को 94 नए मरीज मिले। इससे कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 3836 पर पहुंच गया है। इनमें 112 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। जिलाधिकारी पीएन सिंह ने बताया कि 763 मरीजों का उपचार चल रहा है, जिनमें 550 मरीज होम आइसोलेशन में भर्ती हैं। कुल 2961 मरीज ठीक हो चुके हैं। शुक्रवार तक 145013 लोगों के सैंपल टेस्ट हो चुके हैं।
एसएन मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य समेत तीन डाक्टर और दो स्टाफ भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। पूर्व प्राचार्य होम आइसोलेशन में हैं, परिजनों की शनिवार को जांच कराई जाएगी। एसएन के दो डॉक्टर, एंबुलेंस चालक और एक वार्ड ब्वॉय की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। एक निजी चिकित्सक और 15वीं वाहिनी पीएसी के तीन जवानों में कोरोना की पुष्टि हुई है।
बाकलपुर खेरागढ़ में चार, न्यू ईदगाह कॉलोनी में एक ही परिवार के तीन सदस्य संक्रमित पाए गए हैं, इसमें एक शिशु भी शामिल हैं। बरौली अहीर में भी तीन मरीज पाए गए। कमला नगर, दयालबाग, सिंघी गली, मऊ रोड, नाई की मंडी, बिचपुरी, ट्रांस यमुना कॉलोनी, सीता नगर, सिकंदरा, खंदौली, अछनेरा, दहतोरा, लाजपतकुंज, प्रकाश नगर, शमसाबाद, मुस्तफा क्वार्टर, लंगड़े की चौकी, जयपुर हाउस में भी मरीज मिले हैं।
एम्स में लगवाई एंटी कोरोना वैक्सीन
शास्त्रीपुरम निवासी रवि कुमार ने बताया कि उन्होंने दिल्ली एम्स में कोरोना वैक्सीन लगवाई है। इसके लिए उन्होंने 27 जुलाई को एम्स दिल्ली में पंजीकरण कराया। पहले चरण के ट्रायल में उनका नाम नहीं आया, लेकिन दूसरे चरण में नौ सितंबर को फोन आने के बाद कोरोना वायरस समेत अन्य जांच की गई। शुक्रवार को रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद दिल्ली में वैक्सीन लगी।
एंटीजन परीक्षण में 12 लोग संक्रमित
बाह में एंटीजन परीक्षण में सीओ कार्यालय में नियुक्त पुलिसकर्मी और तीन परिषदीय शिक्षकों की रिपोट पॉजिटिव आई है। जरार के क्रांतिनगर में एक साथ तीन पुरुष, तीन महिलाएं और दो युवती भी संक्रमित मिली हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के अधीक्षक डॉक्टर जितेंद्र वर्मा ने बताया कि 182 नमूने लिए गए हैं। संक्रमितों को घर में क्वारंटीन किया गया है। इनके संपर्क में आने वालों की सूची बनाई जा रही है।