मथुरा में बेकाबू कोरोना: संक्रमण से चार मरीजों की मौत, 389 नए पॉजिटिव केस
चार लोगों की मौत हो गई। वहीं 389 नए पॉजिटिव केस पाए गए। जिले में अब तक मृतकों की संख्या 215 हो गई है जबकि संक्रमितों का आंकड़ा 17843 पहुंच गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा कोरोना संक्रमण से मंगलवार को चार लोगों की मौत हो गई। वहीं 389 नए पॉजिटिव केस पाए गए। जिले में अब तक मृतकों की संख्या 215 हो गई है जबकि संक्रमितों का आंकड़ा 17843 पहुंच गया है। जिसमें 14747 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 2881 एक्टिव केस हैं।
सौंख निवासी एक वृद्घ महिला ने केएम मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। जबकि एक 25 वर्षीय युवक की जिला अस्पताल में कोरोना से मौत हो गई। वहीं वृंदावन के सौ शैया संयुक्त जिला अस्पताल और राम कृष्ण मिशन सेवाश्रम में दो लोगों की मृत्यु कोरोना संक्रमण से हो गई। इसके साथ ही मथुरा के विभिन्न इलाकों और कॉलोनियों के अलावा राया, नौहझील, बाजना, बरसाना, नंदगांव, कोसीकलां, वृंदावन, चौमुंहा, छाता, मांट, बलदेव, फरह आदि क्षेत्रों में पॉजिटिव मिले हैं।
मांट ब्लॉक में सबसे अधिक संक्रमित मिले
मंगलवार को ब्लॉक स्तर पर कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई है। इनमें बलदेव में 27, चौमुहां 18, छाता 23, फरह 32, गोवर्धन, 11, मांट ब्लाक 132, मथुरा ब्लाक, 121, नंदगांव 18, नौहझील 4 और राया में 5 संक्रमितों की पहचान हुई है।
बिना मास्क के घूमते 62 लोगों के किए चालान
मथुरा के बाजारों में उमड़ रही भीड़ की शिकायत पर मंगलवार को डिप्टी कलेक्टर राजीव उपाध्याय ने कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए बीएसए रोड, द्वारिका पुरी, अवधपुरी, मंडी समिति चौराहा, सौंख रोड, मंडी समिति मथुरा, गोवर्धन रोड, औरंगाबाद, सदर बाजार आदि इलाकों का भ्रमण किया। बीएसए कॉलेज रोड पर यादव मार्केट में खुली मिली अनुज मेंस वियर का चालान किया गया। बिना मास्क पहने मिले 62 व्यक्तियों के चालान कटवाए गए।
मंडी समिति में दुकानदारों को दूर-दूर बैठा कर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया। वहीं 182 वाहनों के चालान कराए गए। डिप्टी कलेक्टर ने व्यापार मंडल व व्यापारियों से अपील की है कि वह लॉकडाउन में प्रतिबंधित दुकानों को किसी भी दशा में न खोलें अन्यथा महामारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
गांवों में संक्रमण को शुरुआती दौर में ही करें खत्म : श्रीकान्त शर्मा
जनपद के गांवों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव पर प्रदेश के ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा चिंतित दिखे। उन्होंने अधिकारियों को सख्त आदेश दिए हैं कि शुरुआती दौर में ही गांवों में संक्रमण को खत्म किया जाए। ऊर्जामंत्री ने मंगलवार देर शाम कलक्ट्रेट सभागार में कोविड 19 के संक्रमण से निपटने के कार्यों की समीक्षा की। कहा कि जनपद में टेस्टिंग, आरआरटी की सक्रियता बढ़ाने और सैनिटाइजेशन में लापरवाही पर डीएम को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। गांवों में सफाई, दवाई और कड़ाई का अनुपालन करा कोविड संक्रमण को शुरुआती दौर में ही नियंत्रित करें। कॉन्ट्रेक्ट ट्रेसिंग करवाएं और प्रोटोकॉल के हिसाब से दवा शुरू हो, यह सुनिश्चित करें।
ग्रामीण इलाकों में सफाई और सैनिटाइजेशन की डीएम और नगर आयुक्त से नियमित मॉनिटरिंग करने और मिली हुई शिकायतों पर जवाबदेही तय करने के लिए भी कहा। सैनिटाइजेशन पर प्रधानों से नियमित फीडबैक लेने के लिए कहा। टेलीमेडिसिन का शहरों के साथ गांवों को भी लाभ मिले। वहीं पात्र व्यक्तियों तक राशन पहुंचने पर बल दिया। बैठक में डीएम नवनीत सिंह चहल, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, सीएमओ डॉ. रचना गुप्ता, नगर आयुक्त अनुनय झा भी थे।