मैनपुरी। सैंपलिंग के लिए आने वालों को सैनिटाइजर नहीं मिल रहा है। एसडीएम, स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी समन्वय स्थापित कर व्यवस्था करें। जिन स्वास्थ्य कर्मियों, सफाईकर्मियों की ड्यूटी इंस्टिट्यूशन क्वारंटीन हाउस, कोविड चिकित्सालय में लगी है वह रोजाना समय से उपस्थित हों। यह निर्देश डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बुधवार को दिए।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोगांव के कोविड वार्ड, इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन हाउस का औचक निरीक्षण किया। इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन हाउस के प्रत्येक कक्ष में पर्याप्त मात्रा में सैनिटाइजर, हाथ, कपड़े धोने के साबुन उपलब्ध कराने को कहा। जांच के लिए आने वालों की समय से आईडी जनरेट कर तत्काल सैंपलिंग कराएं। समय से नाश्ता, दोपहर, शाम का खाना दिया जाए। सीएमओ, एसडीएम भोगांव रोजाना भ्रमण कर व्यवस्थाओं को देखें। डीएम ने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, कोरोना पॉजिटिव भर्ती मरीजों से सीधे संवाद किया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से कहा 30 शैया मेटरनिटी विंग की नियमित सैनिटाइजिंग, मेडिकल वेस्ट का प्रभावी निस्तारण हो। एसपी अजय कुमार पांडेय, एसडीएम भोगांव सुधीर कुमार, मलेरिया अधिकारी डॉक्टर सीएम यादव, डॉक्टर प्रदीप यादव मौजूद रहे।