परेशानी: टीका लगा नहीं और फोन पर आ गया बधाई का संदेश, बूथों पर परेशान लोगों ने की शिकायत
जिला टीकाकरण अधिकारी बोले, तकनीकी गड़बड़ी लेकिन सभी को लगवा रहे टीका
विस्तार
कोरोना वायरस से बचाव का टीका लगा नहीं और फोन पर टीकाकरण का बधाई संदेश आ गया है। ऐसे रोजाना 20 से 30 मामले सामने आ रहे हैं। बूथों पर टीका नहीं लग पाने पर लोग स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में शिकायत कर रहे हैं।
स्लॉट बुक कराने के बाद 18 से 44 साल की उम्र के लोग और 45 साल से अधिक उम्र के लोग टीका लगवाने बूथों पर पहुंच रहे हैं। इनमें ऐसे भी लोग हैं, जिनको पहला डोज या फिर दूसरा डोज नहीं लग पाया, लेकिन फोन पर उनके डोज लगने का मैसेज आ गया। परेशान लोग बूथों पर पहुंचे और फोन में आया संदेश दिखाया। वहां से उचित जवाब नहीं मिला। कई लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में शिकायत की है।
सीएमओ के यहां शिकायत की
केस 1
रामनगर निवासी केकेे भारद्वाज ने बताया कि उनका दूसरे डोज लगने का मैसेज आ गया था, लेकिन डोज लगा नहीं था। सीएमओ के यहां शिकायत की फिर पंजीकरण कराके डोज लगवाया गया।
दोबारा पंजीकरण कराना पड़ा
केस 2
यमुनापार के राहुल कुमार ने बताया कि बहन का पंजीकरण कराया। बूथ पर गए तो फोन पर मैसेज आ गया, इसकी जानकारी बूथ प्रभारी को बताई तो उन्होंने दोबारा पंजीकरण करवाया। इसके बाद टीका लगा।
टीका के लिए
आधार कार्ड संख्या
ड्राइविंग लाइसेंस
पासपोर्ट संख्या
मतदाता कार्ड
पैन कार्ड
दूसरे पहचान पत्र से टीका लगवाएं
ऐसे लोग चिंता न करें, किसी दूसरे फोन नंबर और अन्य पहचान पत्र से दोबारा पंजीकरण कराके टीका लगवा सकते हैं। -डॉ. संजीव वर्मन, जिला टीकाकरण प्रभारी
एसएन में रोजाना 5-8 शिकायतें
रोजाना पांच से आठ लोग ऐसी शिकायत लेकर आते हैं, जिनका दूसरी आईडी से पंजीकरण कराते हुए टीकाकरण कराया जाता है। -डॉ. शैलेंद्र चौधरी, टीकाकरण प्रभारी, एसएन
यूपी टूरिज्म: आगरा चंबल सर्किट में देखने को मिलेगी घड़ियालों और शेरों की रोमांचक दुनिया