Corona in Agra: इस आयु वर्ग के लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा 'वायरस', डराने वाले हैं आंकड़े
- आगरा में अब तक 107 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें 58 मरीज ऐसे थे, जिनकी उम्र 60 साल से अधिक थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा जिले में 27 अगस्त तक 107 लोग कोरोना संक्रमण की वजह से जान गंवा चुके हैं। चिंताजनक बात है कि यह वायरस बुजुर्गों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। कुल मृतकों में आधे से ज्यादा बुजुर्ग थे। चिकित्सकों के अनुसार कोरोना काल में बुजुर्गों को विशेष एहतियात बरतने की जरूरत है।
60 से अधिक उम्र के 58 मरीजों की मौत
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि संक्रमित होने के बाद कुल 107 मरीजों की मृत्यु हुई है। इनमें 58 मरीज ऐसे थे, जिनकी उम्र 60 साल से अधिक थी। 40 से 60 साल उम्र के 39 मरीजों की मृत्यु हुई है, जबकि 10 मृतक ऐसे थे, जिनकी उम्र 40 साल से कम थी।
प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार जिले में गुरुवार रात तक 2673 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 2242 मरीज ठीक हो गए हैं। 324 मरीजों का उपचार चल रहा है। इनमें 164 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। जिले में कुल 1,08322 लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। संक्रमण दर 2.47 फीसदी है।
सीएमओ कैंप के तीन कर्मचारी संक्रमित
गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कैंप कार्यालय, सुभाष पार्क के तीन कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। कार्यालय के जिस हिस्से में कर्मचारी बैठते थे उसको सील कर दिया गया है। यूनियन बैंक, संजय प्लेस की 29 वर्षीय महिला कर्मचारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। मधु नगर के 86 वर्षीय बुजुर्ग में भी कोरोना की पुष्टि हुई है।
सरकारी विभागों में लगातार संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। इसे देखते हुए जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने सभी सरकारी विभागों में निश्चित समय अंतराल पर रैंडम टेस्ट करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना से कर्मचारियों व अधिकारियों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना आवश्यक है।
कोरोना टेस्ट के लिए प्रशासन ने 15 ब्लॉक में स्टेटिक सेंटर बनाए हैं। डीएम ने बताया कि यहां एंटीजन व आरटीपीसीआर दोनों प्रकार के टेस्ट की सुविधा उपलब्ध है। इन केंद्रों पर प्रतिदिन 1000 से 1200 टेस्ट किए जा रहे हैं।
मंडलायुक्त कार्यालय, कलेक्ट्रेट, रेलवे, एडीए, विकास भवन, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, निबंधन विभाग, मंडी समिति समेत 10 विभागों में अब तक 24 कर्मचारी और अधिकारी संक्रमित मिल चुके हैं।
10 कार्यालयों में नहीं हुई कोरोना जांच
सदर तहसील, वाणिज्य कर, जल निगम, कृषि विभाग, सिंचाई, उद्यान विभाग, यूपीएसआईडीसी सहित दस विभागों में कोरोना जांच नहीं हुई है। इनके अलावा कई जगह एक ही बार जांच हुई है।