{"_id":"67f54ec73ecda2d09003bc68","slug":"contractor-was-making-police-post-on-selfie-point-2025-04-08","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Agra: सेल्फी पाॅइंट पर ठेकेदार बना रहा था चाैकी...नगर निगम ने किया ध्वस्त, पुलिस बोली अनुमति ही नहीं दी गई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Agra: सेल्फी पाॅइंट पर ठेकेदार बना रहा था चाैकी...नगर निगम ने किया ध्वस्त, पुलिस बोली अनुमति ही नहीं दी गई
Tue, 08 Apr 2025 10:47 PM IST
अरुन पाराशर
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Published by: अरुन पाराशर
Updated Tue, 08 Apr 2025 10:47 PM IST
सार
ठेकेदार नगर निगम के सेल्फी पॉइंट को तोड़कर पुलिस चाैकी बना रहा था। नगर निगम की टीम ने इसे ध्वस्त करा दिया। वहीं मामले में पुलिस का कहना है कि चाैकी निर्माण की कोई अनुमति ही नहीं दी गई है।
विज्ञापन
सेल्फी पाॅइंट पर हो रहा निर्माण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
आगरा में तांगा स्टैंड (ताजगंज) पर बने सेल्फी पॉइंट को खुर्दबुर्द कर अवैध निर्माण किया जा रहा था। शिकायत पर नगर निगम के प्रवर्तन दल ने मंगलवार को कार्रवाई की। टीम के पहुंचने पर ठेकेदार ने दावा किया पुलिस चाैकी बनाने का काम चल रहा था। निर्माण कार्य को ढहाकर ठेकेदार का सामान जब्त कर लिया गया। पेड़ों की छंटाई के मामले में भी कार्रवाई की तैयारी है।
विज्ञापन
तांगा स्टैंड को हाल ही में नगर निगम ने 8 लाख रुपये की लागत से सुंदर बनाया था। नगर निगम को शिकायत मिली थी कि पिछले कुछ दिनों से एक ठेकेदार अवैध निर्माण कार्य करा रहा है। शनिवार को प्रवर्तनदल ने जांच की थी। मौके पर निर्माण होता मिला। इस पर निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए। मगर, निर्माण कार्य जारी रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
ठेकेदार का दावा था कि वह वहां पुलिस चौकी का निर्माण कर रहा है, लेकिन उसके पास कोई अनुमति नहीं थी। मंगलवार को नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। सहायक अभियंता दीपांकर सिंह ने बताया कि पेड़ की कटाई और अवैध निर्माण को लेकर ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टीटीजेड प्राधिकरण को भी सूचित किया जा रहा है।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि नगर निगम की ओर से इस स्थान का सौंदर्यीकरण किया गया था। ऐसे में बिना अनुमति के नगर निगम के कार्यों को नुकसान पहुंचाना और सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करना गैरकानूनी है। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सेल्फी पॉइंट को मूल स्वरूप में लाया जाएगा।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि तांगा स्टैंड पर किसी तरह की पुलिस चाैकी प्रस्तावित नहीं है। अगर, कोई ठेकेदार बिना अनुमति कार्य करा रहा था तो कार्रवाई की जाएगी। अगर, थाना स्तर पर पुलिस चाैकी के लिए कोई भी निर्माण कार्या कराया गया होगा तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।