फिरोजाबाद: पांच हजार रुपये के लिए क्लीनर ने की टैंकर चालक की हत्या, शव केबिन में रखकर पहुंचा आगरा
फिरोजाबाद में नेशनल हाईवे पर क्लीनर ने गैस टैंकर चालक के सिर पर लोहे की सरिया मारकर हत्या कर दी। आरोपी क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र के गांव मुईनउद्दीनपुर के समीप नेशनल हाईवे पर क्लीनर ने गैस टैंकर चालक की सोते समय सिर में सरिया मारकर हत्या कर दी। पांच हजार रुपये के लिए विवाद हुआ था। वारदात के बाद क्लीनर ने चालक की मौत होने की सूचना पुलिस को दी। शक होने पर क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हाथरस जिले के गांव एवरनपुर निवासी वीरू कुमार (45) गैस टैंकर का चालक था। क्लीनर सोनू भी वीरू के गांव का है। वीरू और सोनू साथ-साथ टैंकर पर चलते थे। दोनों लोग कुछ दिन पूर्व गैस का टैंकर लेकर नेपाल गए थे। गुरुवार रात दोनों लोग टैंकर लेकर मथुरा आ रहे थे।
रास्ते में हुआ विवाद
रास्ते में वीरू और सोनू के बीच पांच हजार रुपये को लेकर विवाद हुआ। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे सोनू ने नारखी थाना क्षेत्र के गांव मुईनउद्दीनपुर के समीप सोते समय वीरू के सिर में लोहे की सरिया मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को केबिन में डालकर सोनू टैंकर चलाकर आगरा एत्मादपुर के समीप पहुंचा और आगरा पुलिस को वीरू की मौत की सूचना दी।
आगरा पुलिस को बताया कि वह शौच के लिए गया था। तभी अज्ञात लोगों ने वीरू के सिर में सरिया मारकर हत्या कर दी है। मामला संदिग्ध लगने पर आगरा पुलिस ने सोनू से सख्ती से पूछताछ की तो सोनू ने आगरा पुलिस को सच्चाई बता दी। आगरा पुलिस सोनू को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। जिस स्थान पर वीरू की हत्या की गई थी, वह नारखी थाना क्षेत्र में आता है।
आगरा पुलिस की सूचना पर नारखी पुलिस भी मौके पर पहुंची। मामले की जांच पड़ताल करने के बाद नारखी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ टूंडला अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि सोनू से पूछताछ की जा रही है। उसने घटना को स्वीकार कर लिया है।