ब्लॉक प्रमुख चुनाव: आज 3 बजे तक जमा होंगे नामांकन पत्र, 10 जुलाई को होगा मतदान
आगरा में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन गुरुवार सुबह 11 बजे से शुरू हो गए। दोपहर तीन बजे तक सभी 15 ब्लॉक पर नामांकन होंगे। भाजपा और सपा ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इसके साथ ही सदस्यों की घेराबंदी भी शुरू हो गई है। बुधवार को पर्चा खरीदने के लिए प्रत्याशियों का ब्लॉक पर जमघट लगा रहा। 10 जुलाई को मतदान होगा। जिसमें 1257 क्षेत्र पंचायत सदस्य 15 ब्लॉक प्रमुख चुनने के लिए मतदान करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा जिले में 1257 क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्दलीय जीते हैं। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए इनकी घेराबंदी शुरू हो गई है। भाजपा दिग्गजों के परिजनों के प्रमुख पद की दौड़ में उतरने से उनकी प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। साख बचाने के लिए पूरी ताकत झोंकी जा रही है।
गुरुवार को विकास खंड कार्यालयों पर नामांकन प्रक्रिया 11 बजे से शुरू हो गई। तीन बजे के बाद जमा हुए नामांकन पत्रों की जांच होगी। शुक्रवार को नाम वापसी होगी। शनिवार सुबह 11 बजे से तीन बजे तक ब्लॉक पर ही मतपत्रों से मतदान होगा। निर्विरोध की स्थिति में नाम वापसी के बाद ही विजयी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र दिया जा सकता है।
खंगाली जा रही कुंडलीः संवदेनशील ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पुलिस व प्रशासन भी सतर्क है। क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नाम, पते व उनकी आपराधिक मुकदमों का ब्यौरा खंगाला जा रहा है। इसके लिए थाना स्तर पर कवायद चल रही है।
15 ब्लॉक में बिके 52 नामांकन पत्र
बाह, जैतपुर ब्लॉक में बुधवार को भाजपा प्रत्याशी राधा वर्मा, लाल सिंह चौहान ने नामांकन पत्र खरीद लिए हैं। पिनाहट में सत्यवीर सिंह भदौरिया ने परचा लिया है। किरावली में निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख गायत्री देवी, मिथलेश, सुमन, यामिनी समेत छह लोगों ने पर्चे खरीदे हैं।
अकोला ब्लॉक में पांच पर्चे बिके हैं। फतेहाबाद में पांच, शमसाबाद में दो, सीकरी में एक, जगनेर में तीन और सैंया में पांच, बिचपुरी में तीन, खेरागढ़ में चार, एत्मादुपर में चार और खंदौली में आठ समेत कुल 52 नामांकन पत्र बिके हैं।
छह ब्लॉक अनारक्षित
अनुसूचित जाति महिला के लिए बिचपुरी, अनुसूचित जाति के लिए अकोला व एत्मादपुर, पिछड़ा वर्ग महिला के लिए फतेहपुर सीकरी व फतेहाबाद, पिछड़ा वर्ग के लिए जैतपुर कला व बरौली अहीर, महिला के लिए अछनेरा व शमसाबाद ब्लॉक आरक्षित हैं। खंदौली, खेरागढ़, जगनेर, पिनाहट, सैंया व बाह अनारक्षित हैं।
ब्लॉक प्रमुख पद के लिए समाजवादी पार्टी ने बुधवार को बरौली अहीर से सरिता यादव, अछनेरा से मिथलेश और फतेहाबाद से कामिनी वर्मा को प्रत्याशी घोषित किया है। जिला महासचिव तेजपाल यादव के मुताबिक पार्टी ब्लॉक प्रमुख चुनाव में तीनों सीटों पर मजबूत है।
भाजपा ने ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए प्रत्याशी घोषित किए
भारतीय जनता पार्टी जिला के जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा और महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने ब्लॉक प्रमुख पद के 15 ब्लॉकों में प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।
- अकोला (अनुसूचित जाति) राजू प्रधान
- अछनेरा (महिला) गायत्री देवी
- खेरागढ़ (सामान्य) अनिल सिकरवार
- जगनेर (सामान्य) वीरेंद्र सिंह तोमर
- जैतपुर कलां (ओबीसी) राधा वर्मा
- पिनाहट (सामान्य) सत्यवीर सिंह भदौरिया
- फतेहपुरसीकरी (ओबीसी महिला) मंजू देवी
- फतेहाबाद (ओबीसी महिला) कमलेश गुर्जर
- बरौली अहीर (ओबीसी) उत्तम सिंह
- बाह (सामान्य) लाल सिंह चौहान
- बिचपुरी (अनुसूचित जाति महिला) ममता दिवाकर
- शमशाबाद (महिला) गिरिजा देवी
- सैंया (सामान्य) मंजू त्यागी
- खंदौली (सामान्य) आशीष शर्मा
- एत्मादपुर (अनुसूचित जाति) इति सिंह