आगरा: टोल प्लाजा पर भाजपा कार्यकर्ताओं की बस रोकने पर हंगामा, सिपाहियों पर अभद्रता का आरोप
आगरा के रहनकलां टोल प्लाजा पर सिपाहियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बस को रोक लिया। इस पर कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने सिपाहियों पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में शामिल होकर लौट रहे भाजपा के मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं की बस को आगरा के रहनकलां टोल पर पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बस सीज करने की बात कही। इसका कारण पूछने पर अभद्रता कर दी। इस पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। इसकी जानकारी पर राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश पहुंच गए। उन्होंने एसएसपी को जानकारी दी। उन्होंने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर कार्यकर्ता गए।
एटा में रविवार को ब्रज प्रांत के बूथ अध्यक्ष का सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आए थे। इसमें शामिल होने आगरा से ताजमंडल के अध्यक्ष प्रदीप राठौर, मधु नगर मंडल के अध्यक्ष मयंक माहेश्वरी, रावली मंडल के राहुल वैद्य और राजेश्वर मंडल के अध्यक्ष सुभानू गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता बस से गए थे। शाम तकरीबन पांच बजे सभी बस से लौटकर आ रहे थे।
एत्मादपुर में रहनकलां टोल पार करते ही पीआरवी के दो सिपाहियों ने बस को रोक लिया। आरोप है कि सिपाहियों ने बस को सीज करने की बात कहते हुए सभी कार्यकर्ताओं को उतरने के लिए बोल दिया। इसका कोई कारण भी नहीं बताया। उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। महिला कार्यकर्ताओं से भी अभद्रता की। कई बार कहने पर भी बस को आगे नहीं जाने दिया। मुकदमा दर्ज कर जेल भिजवाने की धमकी दी। मंडल अध्यक्षों से भी गलत व्यवहार किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
इस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। बाद में जानकारी पर राज्य मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश, महानगर उपाध्यक्ष महेश शर्मा, सुधीर राठौर, विधानसभा संयोजक भारत सिंह कुंतल पहुंच गए। राज्य मंत्री ने बताया कि सिपाहियों ने बिना किसी कारण एटा में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में शामिल होकर वापस आ रहे कार्यकर्ताओं की बसों को रोक लिया था। मामले की जानकारी एसएसपी सुधीर कुमार सिंह को दी।
थाना एत्मादपुर और एत्माद्दौला की फोर्स पहुंच गई। एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ही कार्यकर्ता गए। मामले में सिपाहियों पर कार्रवाई के लिए एसएसपी को तहरीर दी गई है। एसपी देहात सत्यजीत गुप्ता का कहना है कि टोल पर बस रोकी गई। इसकी जानकारी पर सिपाही पहुंचे थे। सिपाही पीआरवी पर तैनात हैं। मामले में तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।