अछनेरा। विकासखंड के ग्राम बसैया राजपूत के ग्रामीण करीब एक वर्ष से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के घरों के सामने एक विद्युत पोल टूट गया है। खंभे जमीन की तरफ झुक चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही।
पीड़ित सत्यपाल सिंह, भगत सिंह, सुरेंद्र सिंह, मुकेश सिंह एवं देवीराम सहित एक दर्जन परिवार अंधकार में रहने को मजबूर थे। इन ग्रामीणों ने अपने घरों में रोशनी के लिए करीब दो सौ मीटर दूर दूसरी गली से अस्थाई तार खींचे हैं। हवा में लटकते ये खुले तार हर समय किसी बड़ी दुर्घटना या अनहोनी को दावत दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जरा सी चूक यहां किसी की जान पर भारी पड़ सकती है। पीड़ित ग्रामीणों ने बताया कि अछनेरा और साधन फीडर के चक्कर काट-काटकर वे थक चुके हैं। अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार सिर्फ कोरे आश्वासन ही मिले। धरातल पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मामले में साधन विद्युत सब स्टेशन के जेई मुकेश सिंह ने ग्रामीणों की समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया है।