फिरोजाबाद: होटल के कमरे में मिला बैंककर्मी का शव, 25 दिसंबर को हुआ था हैदराबाद से तबादला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र में स्थित एक होटल के कमरे में रविवार की सुबह बैंककर्मी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। होटल के कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए लेकर आई। घटनास्थल पर फिंगर प्रिंट टीम ने भी जांच पड़ताल की। बैंककर्मी का परिवार हैदराबाद रहता है।
हैदराबाद के गोपनपल्ली निवासी राजकुमार गोंड (29) पुत्र रमेश गोंड फरिहा स्थित बैंक ऑफ इंडिया में क्लर्क पद पर तैनात था। उसका हाल ही में हैदराबाद से यहां (फरिहा) के लिए तबादला हुआ था। 24 दिसंबर को ज्वाइनिंग के बाद 25 दिसंबर से डीपीएस होटल में कमरा नंबर 404 में रह रहा था। परिजनों ने शनिवार शाम से राजकुमार गोंड के मोबाइल नंबर से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन रविवार सुबह तक बात नहीं हो सकी।
परिजनों ने होटल के रिसेप्शन पर फोन करके पूछा। इस पर होटल के मैनेजर अभिषेक यादव ने कमरे का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक दक्षिण सुशांत गौड़ पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिसकर्मी मुख्य गेट को तोड़ने के बाद अंदर पहुंचे तो देखा बाथरूम अंदर से बंद था। बाथरूम का दरवाजा तोड़ा। बैंककर्मी जमीन पर पड़ा था।
पुलिस जीवित होने की उम्मीद में ट्रॉमा सेंटर लेकर आई लेकिन डॉक्टर ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया। पुलिस ने बैंककर्मी के परिजनों को घटना की सूचना दे दी। एसएसपी अजय कुमार, एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।
एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया फरिहा में क्लर्क पद पर तैनात राजकुमार का शव डीपीएस होटल के कमरा नंबर 404 में मिला है। प्राथमिक जांच में शरीर में कोई चोट नहीं है। फील्ड यूनिट ने कमरे से सभी नमूने एकत्रित किए हैं। शव का पोस्टमार्टम पैनल के माध्यम से कराया गया है। मोबाइल की डिटेल निकलवाकर उसकी जांच कराई जाएगी। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कमरे से मिली पानी, जूस, शराब की बोतल
एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि कमरे से जूस, पानी की बोतल और दो शराब की खाली बोतल मिली हैं। इनको फोरेंसिक एक्सपर्ट ने कब्जे में ले लिया है। यह स्पष्ट हो गया है कि कमरे में किसी दूसरे व्यक्ति ने प्रवेश नहीं किया है। मोबाइल की सीडीआर निकालकर जांच कराई जाएगी।