'मातृत्व' को सम्मान: ताजमहल-किला के बाद फतेहपुर सीकरी और सिकंदरा में खुले बेबी फीडिंग रूम
देश भर में बेबी केयर और फीडिंग रूम की सुविधा सबसे पहले ताजमहल में शुरू की गई थी। इसके बाद आगरा किले में इसका शुभारंभ हुआ। अब ताजमहल और किला समेत चार स्मारकों में बेबी फीडिंग रूम खुल गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के फतेहपुर सीकरी और अकबर के मकबरे, सिकंदरा स्मारक में आने वाली महिला पर्यटकों को अपने बच्चों को स्तनपान कराने में असहज नहीं होना पड़ेगा। शनिवार को ताजमहल और आगरा किला के बाद फतेहपुर सीकरी और सिकंदरा स्मारक में भी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने बेबी फीडिंग सेंटर (स्तनपान कक्ष) शुरू कर दिए।
इन स्मारकों में बेबी केयर, फीडिंग सेंटर का उद्घाटन कमिश्नर अमित गुप्ता की पत्नी और आकांक्षा समिति की अध्यक्षा डॉ. प्रीति गुप्ता ने फतेहपुर सीकरी में किया। अब आगरा के चार स्मारकों में यह सुविधा शुरू हो गई है।
ताजमहल में 'मातृत्व' को छांव, बेबी फीडिंग रूम खुला, देश में ऐसी सुविधा देने वाला पहला स्मारक
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि फतेहपुर सीकरी में जोधाबाई पैलेस में सेंटर बनाया गया है, जो पूरी तरह वातानुकूलित है। महिलाओं के साथ पुरुष पर्यटकों के लिए इस सेंटर के बाहर एलईडी लगाए गए हैं, जिस पर फतेहपुर सीकरी की डाक्यूमेंटरी चलेगी।
महिलाओं और मातृत्व को सम्मान
डॉ. प्रीति गुप्ता ने एएसआई के महिलाओं और मातृत्व के सम्मान के लिए उठाए गए इस कदम की सराहना की। सीकरी की तर्ज पर ही अकबर का मकबरा, सिकंदरा में प्रवेश द्वार के दांयी ओर टॉयलेट ब्लॉक के पास बेबी केयर और फीडिंग रूम बनाया गया है। यह भी शनिवार से शुरू कर दिया गया। इस दौरान सहायक अधीक्षण पुरातत्वविद् आरके सिंह, हेमंत पाहन, संरक्षण सहायक कलंदर बिंद आदि मौजूद रहे।
दो साल पहले ताज में किया गया था शुरू
देश भर में बेबी केयर और फीडिंग रूम की सुविधा सबसे पहले ताजमहल में शुरू की गई थी। दो साल पहले 29 अगस्त को तत्कालीन केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने इसका उद्घाटन किया था।
इसके बाद 21 सितंबर 2019 को ही आगरा किला में बेबी फीडिंग सेंटर शुरू कर दिया गया था। कोरोना के कारण स्मारकों की बंदी के बाद अब फिर से सुविधाएं बढ़ाने का काम शुरू किया गया है। आगरा के सभी स्मारक पहले ही दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर और रैंप की सुविधा दे चुके हैं।