आगरा। शहर के पूर्व राष्ट्रीय मुक्केबाज राजबहादुर ने बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) की प्रतिष्ठित वन स्टार रेफरी/जज परीक्षा उत्कृष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण कर ली है। इस उपलब्धि के बाद अब वह राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में रेफरी और जज के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। इससे आगरा की मुक्केबाजी को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी। आगरा मुक्केबाजी संघ के सचिव ब्रजेश मीणा ने बताया कि 24 से 30 जून तक जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से सब जूनियर बालक एवं बालिका राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता के साथ वन स्टार रेफरी/जज परीक्षा आयोजित की गई थी। सीओडी आगरा में कार्यरत राजबहादुर ने इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की और बीएफआई के मान्यता प्राप्त वन स्टार रेफरी (जज) बन गए।
राजबहादुर का खेल जीवन भी उपलब्धियों से भरा रहा है। वह पूर्व राष्ट्रीय मुक्केबाज हैं और आगरा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुके हैं। अब खिलाड़ी से निर्णायक की नई भूमिका में उनका चयन आगरा के मुक्केबाजी जगत के लिए गौरव की बात माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर आगरा मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष पृथ्वीराज चाहर, सचिव ब्रजेश मीणा, माता प्रसाद, संजय गौतम, विजेंद्र सिंह, ललित शर्मा ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।