आगरा रुनकता बवाल: नारेबाजी करते आए लोग, सामान फेंका, आग लगा दी, धमाकों ने दहलाया
सिकंदरा के रुनकता में व्यापारी मोहल्ले के तीन घरों में आगजनी की घटना के बाद महिलाओं और बच्चों ने दरवाजे बंद कर लिए। दहशत के मारे एक घंटे तक घरों में कैद रहे। कोई घर से बाहर निकलने की हिम्मत तक नहीं जुटा पा रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुनकता में व्यापारी मोहल्ले के मोहम्मद मुस्तकीम ने बताया कि वे अपने घर के काम में लगे थे। तीन बच्चे और पत्नी भी अपने-अपने कमरों में बैठे थे, तभी नारेबाजी की आवाज सुनी। खिड़की से देखा तो कुछ लोग साजिद के मकान के बाहर खड़े थे। उन्होंने पहले ताले तोड़े। अंदर घुसकर सामान निकाला। कुछ छत पर चढ़ गए। पानी की टंकी तोड़ दी। कुछ लोगों ने घर के बाहर और अंदर आग लगा दी। इसके बाद उसके भाई और चाचा के मकान में भी ऐसा किया। डर के कारण घर से बाहर नहीं गए। एक घंटे बाद पुलिस आई। तब बाहर आए।
उन्होंने बताया कि उनका घर साजिद के घर से तकरीबन पांच मीटर की दूरी पर है। अचानक मोहल्ले में लोगों के आने पर परिवार डर गया था। बच्चे भी घबरा गए थे। वो बाहर निकलकर नहीं गए। उन्हें डर था कि भीड़ उनके घर की तरफ न आ जाए। इसी तरह उनके पड़ोस में रहने वाली अफसाना के परिवार का भी यही हाल था। उन्होंने बताया कि भीड़ ने आते ही सामान बाहर फेंक दिया। वह नारेबाजी कर रहे थे। वह समझ नहीं पा रहे थे कि वो ऐसा क्यों कर रहे हैं। इससे मोहल्ले के अन्य लोग भी डर गए। उन्होंने अपने परिवार को भी अंदर कर दिया।
मोहल्ले के रहने वाले बल्लू ने बताया कि साजिद के मकान में पांच परिवार रहते हैं। उनके घर में गैस सिलिंडर भी रखे हुए थे। आगजनी के बाद धमाकों की आवाज सुनी गई। दो से तीन धमाके हुए। उन्हें लगा कि सिलिंडर फट गए हैं। इससे वो घबरा गए। साजिद के मकान में भी दरार आ गईं। एक घंटे तक वो लोग घरों में कैद रहे। बाद में पुलिस के साथ दमकल आई। तब कहीं आग पर काबू पाया जा सका।
चेहरे छिपे हुए, गले में गमछा, हाथों में बांक-फावड़े
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि साजिद, उसके भाई और चाचा के घर में आगजनी करने वाले अपने चेहरे छिपाकर आए थे। उनके गले में गमछे पड़े थे। हाथों में बांक, फावड़े और हथौड़े लगे हुए थे। साजिद के घर में खिड़की दरवाजे तोड़ दिए। सोफा, फ्रिज, टीवी और एसी तक बाहर फेंका। इसके बाद आग लगा दी। साजिद के घर में तीन सिलिंडर थे। उनके फटने की आवाज भी लोगों ने सुनीं। एक घंटे तक अराजकता को माहौल रहा।
नहीं लगा कंट्रोल रूम का नंबर
लोगों ने आरोप लगाया कि यूपी 112 पर कॉल किया। मगर, नंबर लगा नहीं। बाद में चौकी और थाने के नंबर पर कॉल किया। इसके बाद पुलिस मौके पर आ गई।
मोबाइल में वीडियो बनाने पर पीट दिया युवक
क्षेत्र के लोगों का कहना था कि जब दूसरे मोहल्ले से आए युवक आगजनी कर रहे थे, तब कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया, लेकिन युवकों ने धमकी दे दी। कहा कि मोबाइल अंदर रख लो, नहीं उनके साथ भी ऐसा ही करेंगे। इस पर मोबाइल अंदर रख लिया। बाद में एक युवक ने मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया, इस पर आरोपियों ने युवक को पीट दिया।
मोबाइल तोड़कर आग में डाला
मोहल्ले के साहिल ने बताया कि वह भतीजे को लेकर आ रहा था। उसके हाथ में मोबाइल लगा था। साजिद के बाहर आगजनी करने वालों ने समझा कि वो मोबाइल से वीडियो बना रहा है। इस पर उन्होंने मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद आग में डाल दिया। उन्हें धमकी देकर भगा दिया।