आगरा: छात्रा के कोर्ट में बयान दर्ज कराने की तैयारी, बवाल के दूसरे दिन भी रुनकता में तनाव, बंद रहा बाजार
सिकंदरा के रुनकता में तीन घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना के दूसरे दिन भी पुलिस-पीएसी का पहरा रहा। शनिवार को सुबह कस्बे में बाजार नहीं खुला। दोपहर में कुछ दुकानों के शटर उठाकर व्यापारी बाहर बैठ नजर आए।
विस्तार
रुनकता में तीन घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना के दूसरे दिन शनिवार को तनाव भरी शांति रही। इस दौरान बाजार बंद रहा। गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस के साथ पीएसी का भी पहरा रहा। दोपहर बाद चंद दुकानें खुलीं। मगर, लोग घरों से कम ही निकले। पुलिस ने आरोपियों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। 20 और आरोपियों की पहचान की गई है।
11 अप्रैल को कस्बे की 22 वर्षीय एमएससी की छात्रा लापता हो गई थी। परिजनों ने व्यापारी मोहल्ले के साजिद के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। साजिद जिम चलाता है। वह युवती को दिल्ली ले गया। उसने हिंदू धर्म अपनाकर अपना नाम साहिल रखा। इसके बाद छात्रा से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। 13 अप्रैल को छात्रा दिल्ली से बरामद हो गई। आरोपी नहीं पकड़ा जा सका। पुलिस छात्रा को आगरा लेकर आई थी। 14 अप्रैल को बयान दर्ज करने के बाद आशा ज्योति केंद्र भेज दिया था।
शुक्रवार को हाट बाजार में लोगों ने पंचायत की थी। इसमें युवती को परिजनों के सौंपने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके बाद उपद्रवियों ने आरोपी साजिद के घर में तोड़फोड़ के बाद आगजनी कर दी थी। उसके भाई मुजाहिद और चाचा रहीस के घर में भी आग लगा दी थी। जिम में भी सामान तहसनहस कर दिया था।
दोपहर बाद खुलीं कुछ दुकानें
कस्बे में शनिवार को सुबह बाजार नहीं खुला। दोपहर में कुछ दुकानों के शटर उठाकर व्यापारी बाहर बैठ गए। वह घटना को लेकर चर्चा करते रहे। वहीं घरों से भी लोग कम ही बाहर निकले। इस कारण गलियों में सन्नाटा नजर आया। घर के दरवाजे पर महिलाएं दहशत में चर्चा करती रहीं। बाजार से लेकर घटनास्थल के आसपास पुलिस की पिकेट लगाई गई है। एक दरोगा और चार सिपाही तैनात किए गए हैं। वहीं पीएसी की प्वाइंट बनाकर ड्यूटी लगाई गई है। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह भी फोर्स के साथ भ्रमण पर रहे। उन्होंने छात्रा के घर पहुंचकर भी परिजनों से बात की।
छात्रा के कोर्ट में बयान दर्ज कराएगी पुलिस
घरों में तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में 20 नामजद और 150-200 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को ग्राम प्रधान अनुज कुमार, जिला पंचायत सदस्य सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जहां से सभी को जेल भेज दिया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी और वीडियो फुटेज देखे। इसके बाद 20 और आरोपियों को चिह्नित कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस दबिश दे रही है। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। छात्रा के अभी कोर्ट में बयान दर्ज नहीं हुए हैं। सोमवार को बयान दर्ज कराए जाएंगे।