आगरा में 20 लाख की डकैती: गेट कूदकर घर में घुसे बदमाश, चिकित्सक दंपती को बंधक बनाकर की वारदात
आगरा में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर बड़ी वारदात का अंजाम दिया है। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों ने शनिवार रात को चिकित्सक दंपती के घर में डकैती डाली। बदमाश आठ लाख रुपये और 12 लाख के जेवरात लूटकर फरार हो गए। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के आवास विकास कालोनी सेक्टर दो में शनिवार की रात रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर जसवंत राय के बदमाशों ने डाका डाला। घर पर डॉ. जयवंत राय उनकी पत्नी डॉ. सुनीता सागर और अनुज वधू सीमा सागर मौजूद थे। बदमाशों ने आते ही तमंचे की बट से प्रहार करके डॉक्टर राय को जख्मी कर दिया।
बदमाशों ने डॉक्ट रऔर अनुज वधू को हाथ-पैर और मुंह टेप से चिपकाकर एक कमरे में बंद कर दिया। पत्नी को साथ लेकर घर खंगाला। आठ लाख रुपये नकद और करीब 12 लाख रुपये के जेवरात लूटकर ले गए। बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की है। डॉ. जसवंत राय का शहीद नगर में डॉक्टर राय के नाम से अल्ट्रासाउंड सेंटर है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह डाइनिंग टेबल पर खाना खा रहे थे। पत्नी सुनीता सागर और छोटे भाई की पत्नी सीमा सागर घर पर मौजूद थे। सीमा सागर नगर निगम फिरोजाबाद में कर अधीक्षक हैं।
मुख्य गेट कूदकर घर में घुसे थे बदमाश
घर का मुख्य गेट बंद था। बदमाश उसे कूदकर कोठी में आए। सीधे घर में घुस आए। डॉ. राय ने भागने की कोशिश की तभी उनके सिर पर तमंचे की बट से प्रहार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। बदमाश उन्हें और सीमा को घसीटते हुए एक कमरे में ले गए।
बदमाशों ने टेप से मुंह बंद करने के बाद सीमा और डॉक्टर जसवंत के हाथ-पैर बांध दिए। डॉ. सुनीता को तमंचे के बल पर कमरे में ले गए। अलमारी खुलवाईं और उसमें रखा कैश और जेवरात लूट लिए। करीब आधा घंटे बाद बदमाशों ने जाते वक्त डॉ. सुनीता को भी बंधक बनाकर कमरे में डाल दिया।
पीड़ित डॉक्टर राय ने बताया कि बदमाशों के भागने के बाद बड़ी मुश्किल से उन्होंने बंधे हुए हाथों से अपने मुंह से टेप हटाकर बाहर पहुंचे और शोर मचाया। लोगों के सूचना देने पर एसएसपी मुनिराज जी. फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जिले की सीमाएं सील करा दी गईं। बदमाशों की तलाश की गई मगर वे नहीं मिले।