आगरा: नगला बूढ़ी हादसे में एयरटेल कंपनी के कर्मचारियों पर रिपोर्ट, पीएनजी पाइपलाइन में लग गई थी आग
न्यू आगरा के थानाध्यक्ष अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि गेल इंडिया लिमिटेड के संचालन एवं संरक्षण अभिनव सक्सैना ने तहरीर दी थी कि 10 अप्रैल को नगला बूढ़ी में एयरटेल कंपनी की ओर से ओएफसी पाइप डालने का कार्य किया जा रहा था, जिसमें पीएनजी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
विस्तार
न्यू आगरा के नगला बूढ़ी में पीएनजी की लाइन में आग लगने की घटना के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें एयरटेल कंपनी के अज्ञात कर्मचारियों पर गैस की लाइन को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि लाइन क्षतिग्रस्त होने से आग लगी और आपूर्ति बाधित हुई। पुलिस और गैस कंपनी के कर्मचारियों के पहुंचने पर आग बुझाई गई। इससे बड़ा हादसा टल गया।
थानाध्यक्ष न्यू आगरा अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि गेल इंडिया लिमिटेड के संचालन एवं संरक्षण अभिनव सक्सैना ने तहरीर दी। इसमें कहा कि 10 अप्रैल को दयालबाग के नगला बूढ़ी में एयरटेल कंपनी की ओर से ओएफसी पाइप डालने का कार्य किया जा रहा था। विभाग ने पुलिस को सूचना देकर यह कार्य रुकवा दिया।
आरोप है कि दूसरे दिन यह कार्य बिना किसी पूर्व सूचना के किया गया, जिससे ग्रीन गैस की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे कई इलाकों में आपूर्ति बाधित हो गई। इससे 15 मीटर के दायरे में आग भी लग गई। सूचना पर कंपनी के कर्मचारी और पुलिस पहुंची। तब कहीं आग को बुझाया गया। इस मामले में एयरटेल कंपनी के अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ धारा 427 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस जांच कर रही है।